नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 11 राज्यों में फैले माओवादी विद्रोह को आंतरिक सुरक्षा के लिए एक दीर्घकालिक खतरा बताया है। उन्होंने सोमवार को दिल्ली पुलिस के 79वें स्थापना दिवस पर ये बात कही। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा लेकिन आज, दिल्ली की जनता के माध्यम से, मैं पूरे देश को आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम माओवादी हिंसा को समाप्त करने के बेहद करीब हैं। मैं अपने देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि 31 मार्च, 2026 तक हम पूरे देश को माओवादी हिंसा से मुक्त कराने में सफल होंगे। यह हमारी सुरक्षा बलों द्वारा हासिल की गई एक महत्वपूर्ण सफलता है। अमित शाह ने कहा, संसद पर हमले की घटना हो या लाल किले के सामने हुई हालिया घटना की, दिल्ली पुलिस ने अपनी दक्षता और तत्परता से जटिल मामलों को सुलझाकर राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित की है। स्थापना दिवस के अवसर पर, मैं दिल्ली पुलिस के सभी अधिकारियों और कर्मियों तथा उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। दिल्ली पुलिस की स्थापना ब्रिटिश शासन के दौरान 1861 में एक सुरक्षा बल के रूप में की गई थी। 16 फरवरी, 1948 को इसका आधिकारिक रूप से नाम बदलकर दिल्ली पुलिस कर दिया गया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/16/फरवरी/2026