क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


देवरी/केसली (ईएमएस)। शिवपुरी जिले के करेरा में अधिवक्ता विकास सक्सेना की गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के विरोध में अधिवक्ता संघ केसली ने सोमवार को राज्य अधिवक्ता परिषद के आह्वान पर माननीय न्यायाधीश केसली एवं अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) केसली को ज्ञापन सौंपा।अधिवक्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा अधिवक्ताओं की सुरक्षा हेतु एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग की।ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 16 फरवरी 2026 को करेरा, जिला शिवपुरी में अधिवक्ता विकास सक्सेना की अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य घटना से प्रदेश भर के अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। अधिवक्ता संघ ने कहा कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं न्याय व्यवस्था से जुड़े लोगों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े करती हैं। ऐसे में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पृथक सुरक्षा कानून बनाया जाना अत्यंत आवश्यक है।अधिवक्ताओं ने शासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उन्हें कठोर दंड दिलाया जाए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए।ज्ञापन सौंपने के दौरान अधिवक्ता संघ केसली के अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह, उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, सचिव मदान तिवारी, आयुष सिंह, रामावतार दुबे, संदीप अरेल, अजय सिंह, राजेश अहिरवार, पद्म सिंह सहित सभी अधिवक्ता साथी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। निखिल सोधिया/ईएमएस/16/02/2026