क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


- उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन के लक्षण पलामू(ईएमएस)।पलामू जिले के पांकी प्रखंड अंतर्गत द्वारिका पंचायत के रघुआखाड़ गांव में महाशिवरात्रि मेले के दौरान गोलगप्पा खाने के बाद 20 बच्चे बीमार पड़ गए। इन सभी बच्चों में उल्टी, दस्त और डिहाइड्रेशन के लक्षण पाए गए हैं। फिलहाल, सभी प्रभावित बच्चों का इलाज पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की एक टीम गांव में भेजकर स्थिति की जानकारी ली जा रही है।बताया जाता है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर रघुआखाड़ गांव में मेला का आयोजन किया गया था। द्वारिका गांव के यादव टोला, जमुआटांड़ सहित आसपास के कई टोलो के लोग यहां पहुंचे थे। उनके साथ बच्चे भी थे। बच्चों ने गोलगप्पा खाया था। रविवार रात से ही बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी और सोमवार सुबह तक कई बच्चों की हालत गंभीर हो गई।ग्रामीणों ने तत्काल पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की एक टीम एम्बुलेंस के साथ गांव पहुंची। बीमार बच्चों को तुरंत स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।द्वारिका निवासी धू्रव कुमार गुप्ता ने बताया कि उनके बेटे ने भी मेले में गोलगप्पा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उनका बेटा फिलहाल स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहा है। पांकी के चिकित्सा प्रभारी डा. महेंद्र प्रसाद ने जानकारी दी कि बच्चों के बीमार होने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम और एंबुलेंस को प्रभावित गांव भेजा गया था। जिले के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि प्रभावित गांव में लगभग 100 बच्चों की जांच की गई, जिनमें से 20 बच्चे बीमार पाए गए। सभी का इलाज किया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है। कर्मवीर सिंह/16फरवरी/26