क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


- 400 अंकों की नई रैंकिंग प्रणाली से होगा वार्डों का दैनिक परीक्षण, आरआरआर टैलेंट डिजिटल प्लेटफॉर्म भी लॉन्च :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के क्षेत्र में लगातार आठ वर्षों से देश का सिरमौर बने रहने के बाद इंदौर ने अब नवल विजय (9वीं बार नंबर-1) के लिए अपनी रणनीतिक तैयारी शुरू कर दी है। स्वच्छता के इंदौर मॉडल को और अधिक आधुनिक और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को केसर बाग स्थित आरआरआर केंद्र पर स्वच्छता अभ्यास वर्ग एवं स्वच्छ वार्ड रैंकिंग अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के माध्यम से शहर के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिलकर आगामी सर्वेक्षण के लिए जीत का रोडमैप तैयार किया। अभियान को नई धार देने के लिए नगर निगम ने 400 अंकों की नई स्वच्छ वार्ड रैंकिंग प्रणाली लागू की है। इस प्रणाली के तहत अब शहर के प्रत्येक वार्ड का दैनिक आधार पर सूक्ष्म मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन के मुख्य मानकों में कचरा प्रबंधन की कुशलता, स्रोत पर कचरे का पृथक्करण और जनसहभागिता को शामिल किया गया है। इसी अवसर पर स्वच्छता नवाचारों को प्रोत्साहित करने के लिए डिजिटल “आरआरआर टैलेंट” प्लेटफॉर्म भी लॉन्च किया गया, जो डेटा प्रबंधन और जन-जागरूकता में तकनीकी सेतु का कार्य करेगा। :: अन्य शहरों की बेस्ट प्रैक्टिस पर मंथन :: कार्यशाला में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, अध्यक्ष सुमित मिश्रा, आयुक्त क्षितिज सिंघल और स्वास्थ्य प्रभारी अश्विनी शुक्ल सहित महापौर परिषद के सदस्य एवं पार्षदों ने सक्रिय सहभागिता की। इस दौरान हाल ही में किए गए सूरत, नवी मुंबई और विशाखापत्तनम के स्वच्छता मॉडलों के अध्ययन दौरों के अनुभव साझा किए गए। रणनीति बनाई गई है कि इन शहरों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को इंदौर की परिस्थितियों के अनुरूप समाहित कर स्वच्छता के स्तर को नए सोपानों पर ले जाया जाए। उल्लेखनीय है कि वर्ष के अंत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले वार्ड को विशेष रूप से सम्मानित भी किया जाएगा। :: टीम भावना से ही कायम रहेगा सम्मान :: आयुक्त क्षितिज सिंघल ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि इंदौर का स्वच्छता रिकॉर्ड केवल एक उपलब्धि नहीं, बल्कि हमारी वैश्विक पहचान है। उन्होंने जोर दिया कि यदि अधिकारी, पार्षद और नागरिक एक यूनिट की तरह कार्य करें, तो स्वच्छ सर्वेक्षण और निगम के वित्तीय प्रबंधन दोनों में ही इंदौर को उत्कृष्ट परिणाम मिलेंगे। प्रकाश/16 फरवरी 2026