क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


इंदौर (ईएमएस)। इंदौर स्वच्छता के क्षेत्र में आठ बार का सिरमौर इंदौर अब अपनी वायु गुणवत्ता को सुधारने के लिए एक नई क्रांति की शुरुआत कर रहा है। सांस (स्वच्छ एयर, निर्मल शहर) अभियान के तहत नगर निगम और प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे कचरा जलाने जैसी गतिविधियों पर लगाम लगाने में सीधे तौर पर भागीदारी निभाएं। इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता इसकी डिजिटल तकनीक है। शहर के विभिन्न स्थानों पर पोस्टर और बैनर लगाए जा रहे हैं जिनमें एक विशेष क्यूआर कोड दिया गया है। यदि कोई नागरिक अपने आस-पास कहीं भी कचरा जलते हुए देखता है, तो वह तुरंत इस कोड को स्कैन कर उसकी सूचना संबंधित विभाग को दे सकता है। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा सकेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, खुले में कचरा जलाने से निकलने वाला धुआं पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर को खतरनाक रूप से बढ़ा देता है, जो श्वसन संबंधी बीमारियों का मुख्य कारण है। सांस अभियान न केवल कचरा मुक्त शहर बल्कि शुद्ध हवा के लक्ष्य को भी साधने का प्रयास है। यह पहल स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 और नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के मानकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। प्रकाश/16 फरवरी 2026