क्षेत्रीय
16-Feb-2026
...


- जिले के तीन तस्कर गिरफ्तार, बेचने की फिराक में थे राजगढ़, ईएमएस l नरसिंहपुर पुलिस ने सोमवार सुबह स्मैक तस्करी के राजगढ़ जिले के तीन तस्करों को पकड़ा, जिनके पास से 6 लाख रुपए कीमत की स्मैक बरामद हुई है। एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि कपूरी नहर के पास एक बाहरी व्यक्ति नशीला पदार्थ बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। इस जानकारी पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखते ही खेतों की ओर भागने लगा, जिसे जवानों ने पीछा कर पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम भगवान सिंह तंवर (निवासी राजगढ़) बताया, जिसके पास से 16 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने जब भगवान सिंह से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपने दो और साथियों के बारे में बताया जो कपूरी तिराहे के पास छिपे थे। पुलिस ने तुरंत सर्च ऑपरेशन चलाया और टट्टा पुल के पास से बनवारी तंवर और रामलाल तंवर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर बनवारी के पास से भी बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के पास से कुल 62 ग्राम स्मैक जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 6 लाख रुपए बताई जा रही है। पकड़े गए तीनों आरोपी—भगवान सिंह, बनवारी और रामलाल—राजगढ़ जिले के खिलचीपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगा रही है कि नरसिंहपुर में वे यह माल किसे सप्लाई करने आए थे। -निखिल/राजगढ़/16/2/2026