- आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर काटा बबाल - साढ़े तीन घंटे जाम से लोगों को हुई भारी परेशानी मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के रांटी पंचवटी चौक के नजदीक सोमवार को बस ने एक बाइक सवार को कुचल दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार की पहचान पंडौल थाना क्षेत्र के लोहट चीनी मिल के निकट कमलाबारी गांव के बुद्धदेव साह के पुत्र ओम प्रकाश शाह 24 वर्ष के रूप में हुई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। जबकि बस के कंडक्टर को स्थानीय लोगों ने खदेड़ कर पकड़ लिया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग झंझारपुर-मधुबनी मुख्य मार्ग को 13 नंबर गुमटी के बाद तीन जगह पर बांस बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया। घटना की सूचना परिजनों के मिलने पर बड़ी संख्या में मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों ने बताया कि ओम प्रकाश साह मधुबनी में एक निजी क्लीनिक में दवाई लाने गांव से आया था। वापसी के क्रम में पंचवटी चौक के नजदीक मधुबनी से दरभंगा जा रही बीआर 06 पीए 6415 नंबर की बस ने पीछे से आकर धक्का मारा जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर गया जिसे बस के अगले चक्का ने सिर को कुचल दिया। * बस के खलासी को भीड़ ने पीटा घटना स्थल के बगल में बस के कंडक्टर को पकड़ कर एक दुकान में रखा गया था। घटनास्थल पर भीड़ बढ़ने पर आक्रोशित लोग कंडक्टर की पिटाई करने लगे। लात मुक्का से ड्राइवर की पिटाई होने लगी। ट्रैफिक इंस्पेक्टर नीलमणि,सिपाही एवं कुछ स्थानीय लोगों ने धक्का मुक्की खाकर कंडक्टर को बचाने का प्रयास किया। बाद में वहीं कंडक्टर को एक परिसर के कमरे में बंद कर पुलिस अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया। * मौके पर पंहुचें ट्रैफिक डीएसपी, नगर थाना व राजनगर थाना की पुलिस सड़क जाम कर रहे आक्रोशित लोग घटना स्थल पर डीएम व बस मालिक को बुलाने एवं 10 लाख रुपया मुआवजा देने की मांग पर अड़े थे। सैकड़ों लोग सड़क जाम कर प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे थे। ट्रैफिक डीएसपी सुजीत कुमार ने जाम कर रहे मृतक के परिजन व आक्रोशित लोगों को शांत कराने एवं उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दे रहे थे। इस दौरान लगभग साढ़े तीन घंटो तक जाम लगा रहा। जाम के कारण मैट्रिक परीक्षा देने आ रहे छात्रों व परिजनों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। कार्तिक कुमार/संतोष झा- १६ फरवरी/२०२६/ईएमएस