० चोरी के जेवरात खरीदने वाला क्रेता भी गिरफ्तार रायपुर (ईएमएस)। राजधानी पुलिस ने आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम एवं मोबाईल फोन की चोरी की घटना को अंजाम देने वाले का खुलासा किया है। पुलिस ने बताया की चोरी की घटना को अंजाम देने वाला कोई और नहीं प्रार्थिया का नाबालिग पुत्र निकला। ज्ञात हो की प्रार्थिया द्वारा थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 29 जनवरी 2026 को अज्ञात चोर ने उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा कमरे में रखी आलमारी व पेटी से सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम एवं मोबाईल फोन कुल कीमती लगभग 2,00,000/- रुपये चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 26/26 धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल द्वारा अधीनस्थ अधिकारियों को अज्ञात आरोपी की शीघ्र पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट एवं थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा प्रार्थिया, उसके पति, पुत्र एवं आसपास के लोगों से विस्तृत पूछताछ की गई। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का अवलोकन कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि घर में चोरी होने की जानकारी प्रार्थिया को उसके पुत्र द्वारा स्कूल से लौटने के बाद दी गई थी। पूछताछ में वह बार-बार बयान बदल रहा था तथा उसकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वयं चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी के सोने एवं चांदी के जेवरात प्रतीक दम्मानी को बेच दिए गए हैं। पुलिस टीम द्वारा प्रतीक दम्मानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिस पर उसने भी चोरी के जेवरात खरीदना स्वीकार किया। दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की संपूर्ण मशरूका सोने-चांदी के जेवरात, नगदी रकम एवं मोबाईल फोन कुल कीमती लगभग 2,00,000/- रुपये जप्त किए गए। प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस जोड़ी जाकर वैधानिक कार्रवाई की गई। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/16 फरवरी 2026