17-Feb-2026
...


मोहाली के फोर्टिस अस्पताल और 16 स्कूलों को मिली है बम की धमकी, पुलिस-इंटेलिजेंस हाई अलर्ट पर मोहाली,(ईएमएस)। भगवंत मान के मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल मोहाली में भर्ती होने के बीच सोमवार दोपहर 1:11 बजे अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली। धमकी भरे ई-मेल में दावा किया गया है कि भाई दिलावर सिंह के वारिसों ने मुख्यमंत्री को घातक रेडियोधर्मी पदार्थ पोलोनियम से संक्रमित किया है। मेल में यह भी लिखा गया कि यदि वे बच गए तो उनका बेअंत जैसा हाल किया जाएगा। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री रविवार को ब्लड प्रेशर बढ़ने पर अस्पताल में भर्ती हुए थे। सोमवार को डिस्चार्ज होने के बाद वे मोगा में आम आदमी पार्टी की नशा विरोधी रैली में शामिल हुए। वहां सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें शाम करीब पांच बजे दोबारा मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। उल्लेखनीय है कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की 1995 में चंडीगढ़ सचिवालय में मानव बम हमले में हत्या कर दी गई थी। इसी संदर्भ का हवाला देते हुए मेल में गंभीर धमकी दी गई है कि अस्पताल से “सीएम की लाश ही निकलेगी। धमकी मिलते ही पंजाब पुलिस और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं। अस्पताल परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया है। पांच बम निरोधक दस्ते सक्रिय कर दिए गए हैं। सीएम सुरक्षा टीम ने अस्पताल क्षेत्र को अपने नियंत्रण में ले लिया है, जबकि गेट पर एंटी-रायट टीमें और आसपास की सड़कों पर मोहाली पुलिस तैनात कर दी गई है। मोहाली के एसपी दिलप्रीत सिंह ने मीडिया को बताया कि फिलहाल मुख्यमंत्री को किसी अन्य अस्पताल में शिफ्ट करने की योजना नहीं है। सीएम सुरक्षा और स्थानीय पुलिस पूरी तरह सतर्क है। फोर्टिस अस्पताल के साथ-साथ मोहाली के 16 स्कूलों को भी इसी तरह की धमकी मिली है, जिसके बाद एहतियातन छुट्टी कर दी गई। धमकी भरा ई-मेल ‘हंटर फार्ले’ नाम से जीमेल के माध्यम से भेजा गया। इसमें पंजाब को खालिस्तान बताते हुए स्कूल बंद रखने की चेतावनी दी गई है। मेल के अंत में ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ का नाम लिखा गया है और कुछ व्यक्तियों का उल्लेख किया गया है। हालांकि इससे पहले अमृतसर, जालंधर, पटियाला, मोहाली और चंडीगढ़ के स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में निराधार साबित हुईं। फिलहाल पुलिस साइबर सेल ई-मेल के स्रोत की जांच में जुटी है और पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। हिदायत/ईएमएस 17फरवरी26