राज्य
18-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बॉबी कबूतर और उसकी गर्लफ्रेंड सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। सिद्धू मूसेवाला के मर्डर से पहले रेकी करने वाला लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा महफूज उर्फ बॉबी कबूतर को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है। कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें बॉबी कबूतर और उसकी गर्लफ्रैंड भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक फिल्म अभिनेत्री दिशा पाटनी के बरेली स्थित घर पर हुई फायरिंग मामले में भी बॉबी कबूतर वांटेड था। बॉबी कबूतर ने दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले शूटर्स को हथियार मुहैया करवाए थे। दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियार विदेश से आए थे। पाटनी के घर फायरिंग मामले में दो शूटर्स एनकाउंटर में मारे गए थे जबकि तीन गिरफ्तार हुए थे। अब बॉबी कबूतर से पूछताछ की जा रही है कि उसने किस के कहने पर शूटर्स को हथियार मुहैया करवाए थे। दिल्ली के सीलमपुर इलाके में हुए डबल मर्डर और ग्रेटर कैलाश इलाके में जिम के बाहर किए गए नादिर शाह मर्डर केस में भी बॉबी कबूतर आरोपी था। दिल्ली के नार्थ ईस्ट इलाके के बड़े गैंगस्टर हाशिम बाबा के लिए बॉबी कबूतर लिए काम करता है। हाशिम बाबा तिहाड़ जेल में बंद है और वो लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है। पुलिस के मुताबिक जांच में सामने आया है कि बॉबी कबूतर ने सिद्धू मुसेवाला की हत्या से पहले रेकी की थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उसने मूसेवाला की मूवमेंट और रूट की जानकारी इकट्ठा की थी। यही जानकारी बाद में हमलावरों तक पहुंचाई गई। 29 मई 2022 को दिनदहाड़े सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/18/फरवरी/2026