18-Feb-2026
...


- 3 लाख की रकम जेवरात सहित उड़ाया था साढ़े पॉच लाख का माल - शिव बारात में शामिल होने गई थी महिला - आरोपी महिला ने वॉशिंग मशीन में छिपाकर रखे थे जेवरात भोपाल(ईएमएस)। थाना टीटी नगर पुलिस ने इलाके में हुई लाखो के जेवरात चोरी की वारदात का 24 घण्टे के भीतर ही खुलासा कर दिया है। वारदात को अंजाम देने वाली एक ऐसी आदतन अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानो में पूर्व से 2 दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज है। थाना पुलिस के अनुसार कम्यूनिटी हॉल के सामने बाणगंगा नार्थ टी टी नगर में रहने वाली मंगला बंसोडे पति नारायण बंसोडे (53) ने अपनी शिकायत में बताया की बीती 15 फरवरी की दोपहर करीब 2 बजे वह घर में ताला लगाकर शिव बारात में शामिल होने के लिये चली गई थी। काफी समय बाद वह घर पर वापस आई और रात करीब 10.30 बजे जब पैसे निकालने के लिये उन्होनें अलमारी खोली तो देखा की उसमें रखी 3 लाख की नगदी सहित सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, गले की चेन व लाकेट सहित चांदी का गुच्छा गायि था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जॉच शुरु की। जॉच टीम को मखबिर से सूचना मिली की यह चोरी ऐशबाग क्षेत्र जनता कालोनी में रहने वाली रजिया खान पिता हसन खान (44) नाम की महिला ने की है। इसके बाद पुलिस ने जनता क्वाटर से संदेही महिला रजिया को उसके घर से हिरासत में ले लिया। पहले तो वह पुलिस टीम को गुमराह करती रही। बाद में जब उसे थाने लाकर पुलिसिया अंदाज में पुछताछ की गई तब उसने मंगला बंसोडे के मकान से नगदी और जेवरात चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी महिला ने चोरी का माल अपने घर में रखी वाशिग मशीन में छिपाकर रखा था, उसकी निशानदेही पर टीम ने 3 लाख की नगदी सहित सोने-चॉदी के जेवरात जप्त कर लिये। पुलिस ने बताया की गिरफ्तार महिला आदतन अपराधी है, उसके खिलाफ थाना जहांगीराबाद, ऐशबाग, गौतमनगर, हनुमानगंज, कोहेफिजा, अशोका गार्डन, निशातपुरा, टीलाजमालपुरा, छोलामंदिर सहित थाना सराफा जिला इन्दौर में 26 अपराधिक मामले दर्ज है,उसके खिलाफ रासुका की कार्यवाही भी की जा चुकी है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है। जुनेद / 18 फरवरी