18-Feb-2026
...


- पीड़िता को इलाज के बहाने भोपाल लाया था डॉक्टर भोपाल(ईएमएस)। शहर के एमपी नगर में स्थित एक होटल के रूम में ग्वालियर के एक डॉक्टर द्वारा महिला को नशीला पदार्थ देकर उसके साथ ज्यादती किये जाने की घटना प्रकाश में आई है। आरोपी पीड़िता को इलाज के बहाने भोपाल लाया था। घटना के तीन दिन बाद महिला एमपी नगर थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। थाना पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीय महिला ने अपनी शिकायत में बताया की वह ग्वालियर की रहने वाली है। अपनी किसी स्किन प्रॉब्लम को लेकर उसने ग्वालियर के डॉक्टर अमरीश सेंगर से 7 महीने पहले उसने अपना इलाज कराना शुरू किया था। इलाज के बाद चर्म रोग और फैलने लगा तब डॉक्टर ने उससे कहा आगे के इलाज के लिए हमें भोपाल जाकर विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाना होगा और वहॉ कुछ टेस्ट भी कराने होंगे। यह टेस्ट ग्वालियर में नहीं होते हैं। उसकी बात मानकर महिला उसके साथ 14 फरवरी को भोपाल पहुंची और यहॉ एमपी नगर जोन टू स्थित एक होटल में ठहर गए। होटल आने पर महिला को उसकी नियत पर संदेह हुआ तो उसने अपने पति को फोन कर बताया की डॉक्टर अस्पताल ले जाने के बजाए होटल में लेकर आ गए हैं। उसकी बात सुनकर पति ग्वालियर से भोपाल के लिए रवानपा हो गया। इधर रात हो जाने पर महिला ने डॉक्टर से कहा कि वह दोनो के लिये होटल में अलग-अलग कमरे ले लें। इस पर उसने कहा कि होटल में कमरे खाली नहीं है। आरोप है कि रात में खाना खाने के बाद अंबरीश ने चर्म रोग की दवा के साथ उसे कोई नशीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद महिला बेसुध हो गई जब डॉक्टर अमरीश सेंगर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। अगली सुबह पति भोपाल पहुंच गया, लेकिन बदनामी के डर से उस दिन उन्होंने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई। ग्वालियर पहुंचने के बाद जब आरोपी ने इलाज के बहाने दोबार महिला से संपर्क कर उस पर दबाव डालने की कोशिश की तब महिला अपने पति को लेकर भोपाल आई और एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज करा दी। जुनेद / 18 फरवरी