अंतर्राष्ट्रीय
18-Feb-2026


वाशिंगटन,(ईएमएस)। दुनिया के सबसे बड़े वीडियो प्लेटफ़ॉर्म यू-टयूब को मंगलवार (17-18 फरवरी, 2026) को वैश्विक स्तर पर बड़ा आउटेज झेलना पड़ा। भारत, अमेरिका और अन्य कई देशों में लाखों यूज़र्स ने वीडियो लोड करने और ऐप एक्सेस करने में समस्याओं की रिपोर्ट की। शुरुआत में, गूगल ने टीएम यू-टयूब के माध्यम से कहा कि उन्हें यूज़र्स की एक्सेस समस्याओं का पता है और अपडेट मिलने पर जानकारी दी जाएगी। हेल्प पेज ने बताया कि यह समस्या उनके रिकमेंडेशन सिस्टम में दिक्कत के कारण थी, जिससे यू-टयूब, यू-टयूब संगीत और यू-टयूब किडस पर वीडियो नहीं दिख रहे थे। होमपेज को फिर से चालू कर दिया गया, लेकिन पूरी तरह सुधार पर अभी काम चल रहा है। आउटेज ट्रैकिंग साइट ने यूजर शिकायतों में तेजी से वृद्धि दर्ज की। पीक समय में अमेरिका में 3,20,000 से अधिक रिपोर्ट और भारत में कुछ मिनटों में 19,000 से ज्यादा शिकायतें आईं। यूज़र्स ने ऐप और वेबसाइट खोलने पर “कुछ गलत हो गया” जैसी एरर मैसेज की रिपोर्ट की। इसी दौरान यू-टयूब टीवी और कुछ अन्य गूगल सर्विसेज़ में भी समस्याएं देखी गईं, जो प्लेटफ़ॉर्म-साइड तकनीकी समस्या का संकेत हैं। डाटा विश्लेषण के अनुसार, वास्तविक प्रभावित यूज़र्स की संख्या इससे अधिक हो सकती है, लेकिन ये आंकड़े रुकावट के पैटर्न को दिखाने में मदद करते हैं। सोशल मीडिया पर अलग-अलग इलाकों से यूज़र्स के पोस्ट्स की बाढ़ आई। गूगल का यू-टयूब हर महीने 2.5 बिलियन से अधिक सक्रिय यूज़र्स के साथ दुनिया का सबसे बड़ा वीडियो शेयरिंग प्लेटफ़ॉर्म है, और इस आउटेज ने ग्लोबल डिजिटल समुदाय में भारी असर डाला। आशीष दुबे / 18 फरवरी 2026