राष्ट्रीय
19-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। वैलेंटाइन वीक वर्ष 2026 ने ‘सेक्सुअल वेलनेस’ और ‘पर्सनल केयर’ उत्पादों की मांग में अभूतपूर्व वृद्धि दर्ज की गई है। खासतौर पर कंडोम और अन्य इंटीमेट वेलनेस प्रोडक्ट्स की खरीदारी में 300 प्रतिशत तक का उछाल देखने को मिला, जिसने पिछले वर्षों के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। मार्केट विश्लेषकों का मानना है कि यह बदलाव सिर्फ एक ट्रेंड नहीं, बल्कि समाज में बढ़ती जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार का संकेत है। युवा पीढ़ी अब रिश्तों को लेकर अधिक संवेदनशील और जागरूक हो चुकी है। जहां पहले लोग रोमांटिक वीक के दौरान महंगे उपहारों और फैंसी आइटम्स पर खर्च करते थे, वहीं इस बार स्वास्थ्य, सुरक्षा और व्यक्तिगत देखभाल से जुड़े उत्पादों को प्राथमिकता दी गई। ‘सेफ सेक्स’ को लेकर हिचकिचाहट कम होने और व्यवहारिक सोच के बढ़ने को इस बदलाव का मुख्य कारण माना जा रहा है। वैलेंटाइन वीक के दौरान भारत के विभिन्न शहरों में अलग-अलग खरीदारी पैटर्न भी देखने को मिले। आईटी हब बेंगलुरु वैलेंटाइन कार्ड्स भेजने और ऑनलाइन ऑर्डर करने में देशभर में सबसे आगे रहा, जिससे डिजिटल रोमांस का ट्रेंड और मजबूत हुआ। वहीं कोलकाता में पारंपरिक मिठास का रंग गहरा दिखाई दिया, जहां चॉकलेट और मिठाइयों की बिक्री ने ऐतिहासिक स्तर छू लिया। दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे बड़े महानगरों में लोगों ने अपनी खूबसूरती और निजी देखभाल पर खुलकर खर्च किया। इन शहरों में ब्यूटी, स्किनकेयर और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स की मांग लगातार बढ़ती रही। इस बढ़ते ट्रेंड में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की भूमिका भी अहम रही। ब्लींकिट, झेप्टो और स्वीगी इंस्टामार्ट जैसी कंपनियों ने 10 मिनट की डिलीवरी सुविधा के जरिए इन उत्पादों को खरीदना बेहद आसान बना दिया। पहले जहां लोग दुकान से खरीदते समय झिझक महसूस करते थे, वहीं अब गुप्त और तेज डिलीवरी विकल्पों की वजह से ऑनलाइन ऑर्डर्स में उल्लेखनीय इजाफा देखने को मिला। क्विक डिलीवरी ने न सिर्फ समय बचाया बल्कि उपभोक्ताओं को अधिक सहजता से खरीदारी का अवसर प्रदान किया, जिसके चलते इस साल वैलेंटाइन वीक में रिकॉर्ड तोड़ ऑर्डर बुक हुए। कुल मिलाकर, 2026 का वैलेंटाइन वीक भारत के बदलते सामाजिक नजरिये, बढ़ती जागरूकता और आधुनिक खरीदारी संस्कृति का प्रतीक बनकर उभरा है। बता दें कि साल 2026 के वैलेंटाइन वीक ने भारतीय बाजार में एक बड़ा और दिलचस्प बदलाव दर्ज किया है। जहां लंबे समय तक फूल, टेडी बियर और ग्रीटिंग कार्ड्स जैसे पारंपरिक उपहार ही रोमांस की पहचान माने जाते थे, वहीं इस बार तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। सुदामा/ईएमएस 19 फरवरी 2026