रायगढ़(ईएमएस)। नगर निगम ने राजस्व वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए बड़े बकायादारों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। वर्षों से जलकर उपयोग करने के बावजूद टैक्स नहीं चुकाने वाले तीन उपभोक्ताओं के नल कनेक्शन काट दिए गए, जिससे अन्य बकायादारों में हड़कंप मच गया है। नगर निगम रायगढ़ के आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि 50 हजार रुपए से अधिक के संपत्तिकर, समेकित कर, जलकर और यूजर चार्ज बकायादारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसमें नल कनेक्शन काटने और संपत्ति सील करने जैसी कार्रवाई शामिल है। बैठक में निगम की दुकानों से किराया और टैक्स वसूली की भी समीक्षा की गई। सहायक राजस्व निरीक्षकों को जलकर बकायादारों के खिलाफ अभियान चलाकर वसूली तेज करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत बुधवार को विभिन्न वार्डों में कार्रवाई की गई। वार्ड क्रमांक 18 और 19 के सोनारपारा तथा पैलेस रोड क्षेत्र में तीन मकानों पर कुल 2,40,854 रुपये बकाया मिलने पर उनके नल कनेक्शन काट दिए गए। साथ ही अभियान के दौरान मौके पर ही 78,759 रुपये जलकर की वसूली भी की गई। नगर निगम का कहना है कि बकायादारों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि राजस्व वसूली बढ़े और नागरिक सेवाओं में सुधार किया जा सके।