ट्रेंडिंग
07-Apr-2026
...


सीएम सरमा की पत्नी ने पासपोर्ट धोखाधड़ी के आरोपों पर दर्ज कराई है एफआईआर नई दिल्ली,(ईएमएस)। असम पुलिस ने मंगलवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित घर पहुंची। यह सब असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान द्वारा उनके खिलाफ पासपोर्ट धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर एफआईआर दर्ज कराने के बाद हुआ। इस दौरान दिल्ली पुलिस ने असम पुलिस की मदद की। इससे पहले हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया था कि कांग्रेस ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह की झूठी जानकारी के आधार पर उनकी पत्नी के कई पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियां होने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान असम चुनाव के नतीजों को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने सीएम सरमा की पत्नी की या उनके परिवार की दुबई में संपत्ति होने, अमेरिका के व्योमिंग में कंपनियां होने या मुखौटा कंपनियों में संपत्ति होने का आरोप लगाया था। इसके एक दिन बाद सीएम हिमंता सरमा ने कहा कि ये आरोप चुनाव परिणामों को प्रभावित करने के लिए लगाए गए हैं, जो कानून के तहत दंडनीय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के खिलाफ जो दस्तावेज इस्तेमाल किए वे ‘‘पाकिस्तानीज इन अजमान’’ नाम के एक सोशल मीडिया समूह से लिए गए थे और उनकी तस्वीर को किसी पाकिस्तानी व्यक्ति के खोए हुए पासपोर्ट पर छेड़छाड़ कर लगाया गया था। सीएम सरमा ने कहा कि ये आरोप पूरी तरह निराधार हैं, मनगढ़ंत दस्तावेजों पर आधारित हैं और राज्य में चुनावी माहौल को खराब करने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे चिंता है कि उन्होंने पाकिस्तान की मदद ली। यह कोई साधारण धोखाधड़ी का मामला नहीं, बल्कि राष्ट्र के खिलाफ अपराध है। सरमा ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान का पहलू स्पष्ट हो गया है और कानून प्रवर्तन एजेंसियां ​​जांच करते समय इसे ध्यान में रखेंगी। सरमा ने दावा किया कि पाकिस्तान असम चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है और वहां टेलीविजन पर कम से कम 11 ‘टॉक शो’ का सामान्य मत यह था कि कांग्रेस पार्टी को जीतना चाहिए। सिराज/ईएमएस 07अप्रैल26 --------------------------------