ट्रेंडिंग
19-Feb-2026
...


-असम चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची हो सकती है जारी डिब्रूगढ़,(ईएमएस)। कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी असम दौरे पर हैं। वह विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर असज पहुंचीं। इस दौरान वह कामाख्या मंदिर भी दर्शन किए। उन्होंने बताया कि वह भगवान से कुछ नहीं मांगती हैं। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि कांग्रेस फरवरी के अंत तक असम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर सकती है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रियंका गांधी गुरुवार को मां कामाख्या मंदिर पहुंचीं। मंदिर के बाहर पत्रकारों ने उनसे सवाल किया, मैम दर्शन के लिए आईं हैं क्या मांगेंगी भगवान से। इस पर प्रियंका ने जवाब दिया, मैं कभी मांगती नहीं हूं भगवान से। इस दौरान उनके साथ असम कांग्रेस प्रमुख गौरव गोगोई समेत कई नेता मौजूद थे। बता दें बुधवार को गोगोई ने कहा था कि पहली सूची में 80 कांग्रेस उम्मीदवारों के नामों की घोषणा मार्च के पहले सप्ताह तक कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य चयन प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करना है। केंद्रीय नेतृत्व ने हमें यह तय करने के लिए कहा है कि पहली सूची इस महीने के अंत तक जारी हो जाए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर गोगोई ने कहा कि यह निश्चित रूप से होने वाला है और इस मामले में पार्टी सत्तारूढ़ बीजेपी से काफी आगे है। कांग्रेस, माकपा, रायजोर दल, असम जातीय परिषद, भाकपा, भाकपा लिबरेशन, जातीय दल-असम और कार्बी आंगलोंग स्थित ऑल पार्टी हिल लीडर्स कॉन्फ्रेंस ने विधानसभा चुनाव एक साझा मंच से लड़ने के लिए हाथ मिलाया है। कांग्रेस के असम प्रभारी जितेंद्र सिंह ने कहा था कि प्रियंका गांधी दौरे के दौरान कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ कई बैठकें करेंगी। इसके अलावा वह एआईसीसी के तीन वरिष्ठ पर्यवेक्षकों से भी मिलेंगी और चुनावों के संबंध में उनकी राय लेंगी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी राजनीतिक मामलों की समिति, विधायकों, जिला अध्यक्षों, फ्रंटल समूह प्रमुखों, विधायक दल के नेता, कार्यकारी अध्यक्षों, सांसदों, विभिन्न प्रकोष्ठ प्रमुखों और बूथ समिति प्रमुखों सहित अन्य लोगों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगी। प्रियंका आगामी असम विधानसभा चुनावों के लिए चयन समिति की अध्यक्ष हैं। असम विधानसभा के 126 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए चुनाव इस साल मार्च-अप्रैल में होने की संभावना है। सिराज/ईएमएस 19फरवरी26