राष्ट्रीय
21-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। कद्दू की सब्जी भले ही कई लोगों को पसंद न आती हो, लेकिन इसके बीज पोषण का खजाना माने जाते हैं। आयुर्वेद से लेकर आधुनिक पोषण विशेषज्ञ तक, सभी कद्दू के बीजों को स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद बताते हैं। इनमें प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट, आयरन, मैग्नीशियम और जिंक जैसे जरूरी पोषक तत्व अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं, जो शरीर को कई स्तरों पर लाभ पहुंचाते हैं। वजन घटाने के लिए कद्दू के बीज खास तौर पर उपयोगी माने जाते हैं। इनमें मौजूद फाइबर और प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम होती है और ओवरईटिंग पर भी स्वाभाविक रूप से नियंत्रण हो जाता है। हेल्दी फैट शरीर को ऊर्जा देते हैं और मेटाबॉलिज्म को सक्रिय रखते हैं, जिससे कैलोरी बर्न होने की प्रक्रिया तेज होती है। नियमित रूप से सुबह 1–2 चम्मच कद्दू के बीज सेवन करने से वजन नियंत्रित रखने में काफी मदद मिल सकती है, वह भी बिना किसी दुष्प्रभाव या अतिरिक्त खर्च के। बालों की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए भी कद्दू के बीज किसी प्राकृतिक दवा से कम नहीं। आजकल बाल झड़ने की समस्या हर उम्र के लोगों में आम होती जा रही है। ऐसे में कद्दू के बीज में मौजूद जिंक और फाइटोन्यूट्रिएंट्स बालों की जड़ों को मजबूत बनाते हैं और स्कैल्प को जरूरी पोषण देते हैं। कई शोध यह भी संकेत देते हैं कि कद्दू के बीज बालों की ग्रोथ बढ़ाने और गंजेपन की रफ्तार कम करने में मदद कर सकते हैं। इनके नियमित सेवन से बाल टूटने, पतले होने और स्कैल्प की कमजोरी जैसी समस्याओं में सुधार देखा जा सकता है। कद्दू के बीज सिर्फ वजन और बालों के लिए ही नहीं, बल्कि इम्यूनिटी बढ़ाने, दिल की सेहत सुधारने और बेहतर नींद दिलाने में भी फायदेमंद हैं। इनमें मौजूद ट्रिप्टोफैन नामक तत्व नींद की गुणवत्ता सुधारने के लिए जाना जाता है। साथ ही, ये शरीर से टॉक्सिन्स निकालने में भी मदद करते हैं, जिससे संपूर्ण स्वास्थ्य बेहतर होता है। इनका सेवन बेहद आसान है आप इन्हें हल्का भूनकर स्नैक की तरह खा सकते हैं या सलाद, स्मूदी और दही में मिलाकर भी उपयोग कर सकते हैं। सुदामा/ईएमएस 21 फरवरी 2026