ट्रेंडिंग
21-Feb-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। खुफिया एजेंसियों ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के कई बड़े शहरों में आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए एक बड़ा अलर्ट जारी किया है। ताजा खुफिया इनपुट्स के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और अन्य प्रमुख शहरों के प्रसिद्ध मंदिरों को निशाना बनाने की साजिश रच रहा है। इस खतरे को देखते हुए देश भर के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, आतंकी संगठन का मुख्य उद्देश्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों और धार्मिक केंद्रों को निशाना बनाकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना और देश में दहशत का माहौल पैदा करना है। विशेष रूप से अयोध्या, वाराणसी और मथुरा जैसे धार्मिक महत्व वाले शहरों के प्रमुख मंदिरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अंदेशा जताया गया है कि आतंकी लाल किले के आसपास के क्षेत्रों और पुरानी दिल्ली के घनी आबादी वाले चांदनी चौक इलाके में मौजूद मंदिरों में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के जरिए धमाके करने की कोशिश कर सकते हैं। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, यह साजिश 6 फरवरी को इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए धमाके के प्रतिशोध के रूप में रची गई है। पाकिस्तान ने उस घटना के लिए निराधार रूप से भारत पर आरोप लगाए थे, जिन्हें भारत सरकार ने पूरी तरह खारिज कर दिया था। अब खुफिया सूचनाओं से संकेत मिले हैं कि लश्कर के आतंकी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। इनपुट्स मिलने के बाद दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील क्षेत्रों, विशेषकर पुरानी दिल्ली और पर्यटन केंद्रों पर निगरानी बढ़ा दी है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ-साथ संदिग्ध वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है और एंटी-सैबोटेज जांच शुरू कर दी गई है। नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। वीरेंद्र/ईएमएस/21फरवरी2026 -----------------------------------