21-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया ने अपने दमदार प्रदर्शन से सुपर-8 में जगह पक्की कर ली है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारत अब सेमीफाइनल की ओर बढ़ने के लिए तीन अहम मुकाबलों से गुजरेगा। हालांकि यह सफर आसान नहीं होने वाला, क्योंकि सुपर-8 में भारत का सामना साउथ अफ्रीका, जिम्बावे और वेस्ट इंडिज से होगा, ये तीनों टीमें इस चरण में कड़ी चुनौती पेश कर सकती हैं। ग्रुप स्टेज में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने अपने सभी मुकाबले जीतकर 8 अंकों के साथ अगले दौर में एंट्री ली। यूएई के खिलाफ भारत ने 29 रन से जीत दर्ज की, इसके बाद नामीबिया को 93 रन से मात दी। पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया ने 61 रन की यादगार जीत हासिल की, जबकि आखिरी ग्रुप मैच में नीदरलैंड्स को 17 रन से हराकर ग्रुप स्टेज को अजेय समाप्त किया। सुपर-8 में भारत का पहला मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होने वाला है, जिसे इस राउंड की सबसे मजबूत टीम माना जा रहा है। विशेषज्ञ भी इसे भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा बता रहे हैं। वहीं जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज दोनों टीमें अपने दिन किसी भी दिग्गज को हराने की क्षमता रखती हैं, जिससे भारत के लिए यह चरण बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकता है। अब सवाल यह है कि सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए भारत को कितने मैच जीतने होंगे। सुपर-8 में दो ग्रुप बनाए गए हैं और हर टीम को तीन-तीन मैच खेलने हैं। अगर भारत अपने सभी तीनों मैच जीत लेता है, तो सीधे सेमीफाइनल में प्रवेश मिलेगा। तीन में से दो मैच जीतने पर भी सेमीफाइनल का रास्ता खुल सकता है, लेकिन इस स्थिति में फैसला नेट रन रेट से तय होगा। टूर्नामेंट के इस चरण में कम से कम दो मैच जीतना अनिवार्य माना जा रहा है, क्योंकि यही अंतिम-4 में पहुंचने का न्यूनतम आधार है। भारतीय टीम का नेट रन रेट फिलहाल सबसे बेहतर है। ग्रुप स्टेज में बड़ी जीतों की बदौलत भारत का नेट रन रेट +2.5 से ऊपर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका, ज़िम्बाब्वे और वेस्टइंडीज अभी इससे काफी पीछे हैं। आसान भाषा में कहें तो भारत अगर सुपर-8 में दो मैच जीतता है और किसी अन्य टीम के समान अंक होते हैं, तो बेहतर नेट रन रेट होने के कारण सूर्यकुमार यादव की टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की संभावना अधिक रहेगी। कुल मिलाकर भारत ने जिस आत्मविश्वास के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की है, उसे देखते हुए फैंस सेमीफाइनल की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन सुपर-8 में हर मुकाबला असली परीक्षा साबित होगा। भारत के मैच रविवार, 22 फरवरी- भारत बनाम साउथ अफ्रीका, नरेंद्र मोदी स्टेडियम (अहमदाबाद), शाम 7 बजे गुरुवार, 26 फरवरी- भारत बनाम जिम्बाब्वे, एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेन्नई), शाम 7 बजे रविवार, 01 मार्च- भारत बनाम वेस्टइंडीज, ईडन गार्डन्स (कोलकाता), शाम 7 बजे डेविड/ईएमएस 21 फरवरी 2026