21-Feb-2026
...


- गरीबों का बिल भरने खुद आगे आए गुना (ईएमएस)। शहर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित चौधरी मोहल्ला की अहिरवार बस्ती में इन दिनों अंधेरा पसरा हुआ है, जिससे बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। बिजली कंपनी ने करीब 8 से 10 लाख रुपये का बकाया बिल होने का हवाला देते हुए बस्ती के दो दर्जन से अधिक घरों के कनेक्शन काट दिए हैं। इस समस्या को लेकर शनिवार को बस्ती की दर्जनों महिलाएं पूर्व विधायक एवं पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सलूजा के नेतृत्व में बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचीं। यहाँ श्री सलूजा ने बिजली अधिकारियों के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए मानवीय आधार पर तत्काल बिजली बहाल करने की मांग रखी। राजेंद्र सिंह सलूजा ने अधिकारियों से चर्चा के दौरान कहा कि बस्ती के निवासी अत्यंत गरीब और मजदूर वर्ग से आते हैं, जिनके लिए हजारों रुपये का बिल एक साथ जमा करना नामुमकिन है। किसी परिवार पर 50 हजार तो किसी पर एक लाख रुपये तक का बकाया है। इस विकट स्थिति में श्री सलूजा ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बस्तीवासियों की पहली किस्त की कुल राशि, जो करीब एक लाख रुपये से अधिक हो रही है, वह स्वयं अपनी जेब से जमा करेंगे। उन्होंने मांग की कि गरीबों पर लदा भारी-भरकम सरचार्ज माफ किया जाए और शेष राशि को आसान किस्तों में विभाजित किया जाए ताकि ये लोग धीरे-धीरे भुगतान कर सकें। हालांकि, शेष राशि के भुगतान को लेकर बस्तीवासियों द्वारा असमर्थता जताए जाने पर फिलहाल मामला थोड़ा उलझ गया है, लेकिन पूर्व विधायक ने बच्चों की पढ़ाई का हवाला देते हुए अधिकारियों पर दबाव बनाया है कि कम से कम परीक्षा काल तक बिजली चालू रखी जाए। श्री सलूजा ने स्पष्ट रूप से कहा कि मजदूर वर्ग के इन परिवारों के पास आय के पर्याप्त साधन नहीं हैं, ऐसे में बिजली काटना उनके बच्चों के साथ अन्याय है। बिजली कंपनी के अधिकारियों ने मामले में बीच का रास्ता निकालने का आश्वासन दिया है। अब देखना यह होगा कि विभाग मानवता दिखाते हुए पहली किस्त जमा होने पर तत्काल कनेक्शन जोड़ता है या नहीं, ताकि अंधेरे में डूबे इन घरों में फिर से रोशनी लौट सके और बच्चे अपनी परीक्षाओं की तैयारी कर सकें। - सीताराम नाटानी