पूर्णिया, (ईएमएस)। पूर्णिया पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर 3 फरवरी को कृत्यानंद नगर थाना इलाके में इंटरमीडिएट के एक छात्र को गोली मारने का आरोप है। यह घटना तब हुई जब दिव्यांशु कुमार (18) सरस्वती विद्या मंदिर से परीक्षा देकर घर लौट रहा था। पुलिस ने बताया कि हमला सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुए मामूली झगड़े की वजह से हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिनव कुमार, पीयूष कुमार, अमरजीत कुमार उर्फ छोटू और रौनक कुमार के तौर पर हुई है। चारों को जेल भेज दिया गया है। पूर्णिया की एसपी स्वीटी सेहरावत ने पत्रकारों को बताया कि परीक्षा देकर लौटते समय मोटरसाइकिल सवार चार बदमाशों ने दिव्यांशु के पैर में गोली मार दी। गोली उसके बाएं पैर के आर-पार हो गई। उसे इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (जीएमसीएच), पूर्णिया में भर्ती कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-II के नेतृत्व में एक विशेष जाँच टीम बनाई गई। सेहरावत ने बताया कि पुलिस ने एक देसी पिस्टल, पांच मोबाइल फोन और अपराध में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। उन्होंने आगे कहा, पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर ली है। पूछताछ के दौरान, रौनक ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर करीब एक महीने पहले दिव्यांशु के साथ उसका झगड़ा हुआ था। यह झगड़ा कई दिनों तक गाली-गलौज और धमकियों में बदल गया। पुलिस ने कहा कि रौनक ने कथित तौर पर हमले की योजना बनाई और दिव्यांशु की हरकतों पर नज़र रखी। जब वह परीक्षा के बाद घर लौट रहा था, तो रौनक और उसके साथियों ने गोली मार दी। संतोष झा- २१ फरवरी/२०२६/ईएमएस