क्षेत्रीय
21-Feb-2026


पांढुर्णा के मोहिघाटी में अल सुबह हादसा छिंदवाड़ा (ईएमएस)। पड़ोसी जिले पांढुर्णा के मोहिघाट में शनिवार अल सुबह तीन ट्रक आपस में टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हादसा उस वक्त हुआ जब मोहि घाट की ढलान पर सामने चल रहे एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाए। इसके बाद पीछे से आ रहा ट्रक क्र. आरजे 17 जीए 9503) उससे टकराकर रेलिंग में जा घुसा। इसी दौरान, पीछे से आ रहा तीसरा ट्रक भी इन वाहनों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ब्रेक लगाने वाला पहला ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने बताया कि तीनों ट्रक भोपाल से नागपुर की तरफ जा रहे थे। आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया जिससे पीछे आ रहा ट्रक टकराते हुए रेलिंग में जा घुसा। इसी तरह तीनों ट्रक आपस में टकरा कर दुर्घटना ग्रस्त हो गए। इधर सूचना के बाद एमएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रकों को सड़क से हटवा कर इस मार्ग का यातायात बहाल कराया। पिकअप पर गिरा पोल, टला हादसा इधर पांढुर्णा सालईढाना में सरिया लेकर जा रहे पिकअप वाहन पर अचानक गांव में लगा बिजली का पोल गिर गया। हादसे की वजह सरिया के बिजली के तार में फंसने के चलते होना बताया जा रहा है। घटना के बाद पूरे वाहन में करंट फैल गया, चालक राजू ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई। इधर सूचना पर पहुंची विद्युत विभाग की टीम ने आपूर्ति बंद कर सरिया में फंसे तार को निकाला और पिकअप वाहन चालक वर जुर्माना ठोंका। ईएमएस/मोहने/ 21 फरवरी 2026