छिंदवाड़ा नगर निगम में आठ पद, एक साल ही रहेंगे पद पर छिंदवाड़ा (ईएमएस)। प्रदेश में भाजपा की सरकार में निगम मंडलों के अब तक नियुक्तियां नहीं हुई है इस बीच नगरीय निकायों में एल्डरमेन या विशेष प्रतिनिधियों के नियुक्तियां होने के समाचार मिले हैं। गौरतलब है नगर परिषद, नगर पालिकाओं और नगर निगमों में पार्षद के रूप में इन विशेष सदस्यों के मनोनयन किया जाता है। ये एल्डरमेन पार्टी के वरिष्ठ सदस्य होते हैं। राज्य स्तर से इनके नाम तय किए जाते हैं। नियमानुसार इनकी नियुक्तियां निकायों के चुनावों के कुछ समय बाद ही हो जाती है लेकिन वर्तमान में इनकी नियुक्तियां नगरीय निकायों चुनाव के चार साल होने के बाद भी नहीं की जा सकीं है। मिली जानकारी के अनुसार निगम मंडल अध्यक्षों के साथ ही एल्डरमेनों की सूची भी जारी होगी। छिंदवाड़ा नगर निगम में आठ एल्डरमेनों का मनोनयन किया जाएगा। बताया जाता है प्रदेश संगठन के पास स्थानीय पार्टी पदाधिकारियेां, विधायक ने भी अपने समर्थकों के नाम इसके लिए आगे बढ़ाए हैं। मिली जानकारी के अनुसार होली के बाद एल्डरमेनों की नियुक्तियां की जाएगी। कई अब नहीं दिखा रहे रुचि एल्डरमेन यदि नियुक्त हो भी जाते हैं तो उनका कोई ज्यादा कोई महत्व नहीं रह जाएगा क्योंकि 2027 में निकाय के फिर से चुनाव हेाने हैं। ऐसे में एक साल से ज्यादा ये एल्डरमेन अपने पदों पर रह नहीं सकेंगे। छिंदवाड़ा में शहर सरकार बनने के बाद भाजपा के कई नेता एल्डरमेन बनने के लए जुगत लगाते दिखे लेकिन इनकी नियुक्तियां लगातार टलती गई। निगम चुनावों के बाद विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव आ गए। इसके बाद संगठन चुनाव के बाद इन नियुक्तियों को करने की बात कही गई। इसमे ही चार साल बीत गए। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पहले जो इस पद को पाने के दावेदार दिख रहे थे अब उनमें से ज्यादातर इच्छुक ही नहीं है। ुचुनावी समीकरण साधने की कोशिश निकायों में चार साल बाद अब एल्डरमेनों का मनोनयन करने के पीछे निकाय चुनावों के पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों के जरिए लोगों के बीच रहकर कई समीकरणों को साधने की कोशिश बताई जा रही है। निगमों की हालत अच्छी नहीं है। आर्थिक रूप से लगातार संकटों में आ रहे स्थानीय निकायों के कर्मचारियेां को वेतन के लाले हैं। जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर जनता पेरशान है। बढ़े हुए टैक्स से जनता आक्रोशित है। ऐसे मे चुनावों के ठीक पहले अपने इन प्रतिनिधियों के जरिए फिर राजनीतिक लाभ साधने की कोशिश में पार्टी लगी हुई है। ईएमएस/मोहने/ 21 फरवरी 2026