क्षेत्रीय
22-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) डेढ़ करोड़ के प्लॉट में अडी डालकर धमकाते चालीस लाख रुपए की मांग करने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला द्वारकापुरी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार सौरभ राठौर निवासी ऋषि नगर ने शिकायत दर्ज कराते पुलिस को बताया था कि वह प्रॉपर्टी का काम करता है। गुरुवार को वह अपनी बेटी को लेने जा रहा था, तभी कार शोरूम के पास आरोपी प्रेम पिता भुजराम प्रजापत ने उसके आगे अपनी गाड़ी अडाकर उसे रोका और धमकाते हुए कहा कि जिन अधिकारियों को वह आवेदन दे रहा है, उससे कुछ नहीं होगा और प्लॉट पर कब्जा वे ही करेंगे। साथ ही 40 लाख रुपए देने और कुख्यात बदमाश किशोर हटकर उर्फ भाऊ से समझौता करने का दबाव बनाते मौके से फरार हो गया था। इसके बाद सौरभ थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पर कार्रवाई करते पुलिस ने बदमाश प्रेम को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में यह बात सामने आई है लेकिन गिरफ्तारी के बाद बदमाश ने खुद को छोड़ने के लिए युवा मोर्चा से जुड़े कुछ नेताओं के फोन पुलिसकर्मियों को लगवाकर पुलिस पर उसे छोड़ने का दबाव भी बनाया था लेकिन पुलिस ने कार्रवाई जारी रखी और गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसका क्षेत्र में जुलूस निकाला। पुलिस के अनुसार प्रेम के खिलाफ जमीन कब्जा, धोखाधड़ी, मारपीट और हत्या तथा धमकी के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। प्रेम ने सौरभ राठौर को किशोर हटकर उर्फ भाऊ के नाम से धमकी दी थी। थाने में भी आरोपी के मोबाइल पर किशोर के इंटरनेट कॉल आते रहे। पुलिस को उसके मोबाइल में किशोर, तब्बू और राजेंद्र नाम से रिकॉर्डिंग मिली है, जिसकी भी जांच पुलिस कर रही है। आनंद पुरोहित/ 22 फरवरी 2026