क्षेत्रीय
22-Feb-2026
...


- 241 परिवार करेंगे मतदान राजगढ़(ईएमएस)l जिले के खिलचीपुर में मालाकार समाज में इस बार अध्यक्ष पद का चुनाव पारंपरिक सर्वसम्मति से नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चुनाव की तर्ज पर कराया जा रहा है। बस स्टैंड जाने वाली गली स्थित फूल माली समाज के रघुनाथ जी महाराज मंदिर को अस्थायी मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां रविवार को सुबह 10 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मंदिर परिसर के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की कतार लगी हुई हैं। बुजुर्ग, युवा अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। अनुशासन बनाए रखने के लिए 100 मीटर की परिधि में भीड़ एकत्रित होने पर रोक लगाई गई है। अध्यक्ष पद के लिए शानू मालाकार, मनोज मालाकार और नरेंद्र (निर्मल) मालाकार मैदान में हैं। मतदाताओं को ‘नोटा’ का विकल्प भी दिया गया है, जिससे चुनाव प्रक्रिया और अधिक लोकतांत्रिक बन गई है। समाज के 241 परिवारों को मतदान का अधिकार दिया गया है। - भगवान के समक्ष अपना मत डाल रहे मंदिर के अंदर एक टेबल पर समाज के चार सदस्य तैनात हैं, जो मतदाता सूची से नाम मिलान कर पहले हस्ताक्षर करवा रहे हैं। इसके बाद मतदाता को बैलेट पेपर दिया जा रहा है, जिसमें तीनों प्रत्याशियों के नाम और फोटो के साथ नोटा का विकल्प भी अंकित है। मतदाता गोपनीयता बनाए रखते हुए पर्दे के पीछे अपनी पसंद के उम्मीदवार पर मोहर लगा रहे हैं और फिर भगवान के समक्ष रखी मतपेटी में अपना मत डाल रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया 12 फरवरी से शुरू हुई थी और 19 फरवरी नामांकन की अंतिम तिथि थी। आज मतदान के बाद दोपहर 3 बजे से मतगणना शुरू होगी तथा शाम 4 बजे अध्यक्ष पद के परिणाम की घोषणा की जाएगी। समाज में पहली बार हो रहे इस लोकतांत्रिक प्रयोग को पारदर्शिता और सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। -निखिल/राजगढ़/22/2/2026