- भंवरताल से रसल चौक तक कई वाहनों को चपेटा जबलपुर (ईएमएस) । जबलपुर के ओमती थाना क्षेत्र में मध्य रात्रि एक बेलगाम भागती लग्जरी कार ने भंवरताल गार्डन से रसल चौक होकर इनकम टैक्स चौराहे तक राहगीरों, पुलिस कर्मचारी और आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मारी। इस हादसे में एक पुलिस कर्मचारी व एक बालक सहित 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार भंवरताल गार्डन की ओर से बेहद तेज गति से आई और रसल चौक पर सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे बढ़ गई। इसके बाद कार ने रास्ते में एक युवती और अन्य राहगीरों को टक्कर मारी। इस दौरान कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो चुका था, लेकिन उसने रफ्तार कम नहीं की। बेलगाम दौड़ रही इस कार ने इनकम टैक्स क्षेत्र में स्ििात मुन्ना पान के पास एक गैस सिलेंडर लदे वाहन को भी जोरदार टक्कर मारी तो वहीं रास्ते में खड़ी 3 कारों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यही नहीं 3 से 4 मोटरसाइकिलों को रौंद डाला। इसके बाद कार मिंट पार्क की दीवार से टकरासकर थम गई । कार के दीवार से टकराने पर टउसकका अगला हिस्सा जहां पूरी तरह पिचक गया तो वहीं कार चालक भी घायल हुआ। इस हादसे में साहिल नामक युवक, ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी आदित्य और 14 साल का एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार की रफ्तार स्पष्ट देखी जा सकती है। सूचना मिलते ही ओमती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त एमजी कार को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी राजपाल सिंह बघेल ने बताया शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही का मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। कार चालक अनुराग सोनी भी घायल है और उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ईएमएस / 22 फरवरी 26