सलमान के पिता का हाल जानने इंडस्ट्री की हस्तियां पहुंच रहीं अस्पताल मुंबई,(ईएमएस)। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के पिता और मशहूर लेखक सलीम खान पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ हैं और मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती हैं। उनकी तबीयत की खबर सामने आते ही फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग हालचाल जानने अस्पताल पहुंच रहे हैं। सलीम खान की एक्स बहू और अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा भी अस्पताल पहुंची। जानकारी के मुताबिक सलीम खान को 17 फरवरी को अस्पताल में भर्ती किया गया था। उस समय मलाइका शहर से बाहर थीं, इसलिए तुरंत नहीं पहुंच सकीं। मुंबई लौटते ही उन्होंने अस्पताल जाकर सलीम खान का हालचाल जाना। इस दौरान उनके साथ उनके बेटे अरहान भी मौजूद थे। अस्पताल से बाहर आते हुए मां-बेटे की झलक सोशल मीडिया पर वारयल हो गई। तलाक के बाद भी खान परिवार और मलाइका के बीच संबंधों में सम्मान और अपनापन देखने को मिलता रहा है। इससे पहले जब मलाइका के पिता का निधन हुआ था, तब अरबाज खान समेत खान परिवार के अन्य सदस्य उनके साथ खड़े नजर आए थे। इसी तरह मलाइका भी परिवार के सुख-दुख में शामिल होती रहती हैं। इन सबके बीच सलीम खान की सेहत को लेकर फैंस और शुभचिंतक लगातार दुआएं कर रहे हैं। परिवार की ओर से फिलहाल स्वास्थ्य संबंधी अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन करीबी सूत्रों के अनुसार उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है। बता दें मलाइका अरोड़ा और अरबाज खान ने 1998 में शादी की थी। करीब दो दशक साथ रहने के बाद 2017 में दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया। तलाक के बाद मलाइका का नाम अभिनेता अर्जुन कपूर के साथ जुड़ा और कुछ सालों में दोनों का ब्रेकअप हो गया, जबकि अरबाज खान ने 2023 में मेकअप आर्टिस्ट शूरा खान से शादी कर ली। सिराज/ईएमएस 22फरवरी26 -----------------------------------