राष्ट्रीय
22-Feb-2026
...


दोनों जवान भारत-पाक सीमा के पास स्थित एक चेकपोस्ट पर थे तैनात गुरदासपुर,(ईएमएस)। पंजाब के गुरदासपुर जिले में पाकिस्तान सीमा के पास एक सुरक्षा चौकी पर रविवार को दो पुलिस कर्मियों के शव मिलने से हड़कंप मच गया। दोनों जवानों की मौत गोली लगने से हुई। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना दोरांगला पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अडियान गांव की है। मृतकों की पहचान एएसआई अशोक कुमार और हेड कांस्टेबल गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों जवान भारत-पाक सीमा के पास स्थित एक चेकपोस्ट पर तैनात थे, जिसे सुरक्षा की दृष्टि से सेकेंड लाइन ऑफ डिफेंस माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि चेकपोस्ट के पास अचानक गोली चलने की आवाज सुनी गई। जब अन्य सुरक्षाकर्मी और पुलिस मौके पर पहुंचे तो दोनों जवान खून से लथपथ हालत में मिले। उन्हें तुरंत गुरदासपुर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले ने पुलिस विभाग को उलझा दिया है क्योंकि घटना के समय वहां कोई प्रत्यक्षदर्शी मौजूद नहीं था। पुलिस के सामने वर्तमान में दो प्रमुख सवाल हैं। क्या दोनों जवानों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उन्होंने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं? या फिर इस घटना में किसी तीसरे व्यक्ति या बाहरी तत्व का हाथ है? घटना की सूचना मिलते ही गुरदासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की कमान संभाली। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से हथियारों के नमूने, कारतूसों के खोखे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं ताकि पता लगाया जा सके कि गोलियां किस हथियार से और किस दिशा से चलाई गईं। चूंकि यह इलाका अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब है, इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं। फिलहाल पुलिस इस मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रही है। सिराज/ईएमएस 22फरवरी26