क्षेत्रीय
22-Feb-2026
...


फिर पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर लगा ली फांसी भोपाल(ईएमएस)। शहर के उपनगर बैरागढ़ थाना इलाके में रहने वाले सेल्समैन युवक द्वारा घर के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी किये जाने की घटना सामने आई है। हादसा शनिवार देर रात का है, पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। बताया गया है कि आत्महत्या से पहले युवक का अपनी पत्नि से विवाद हुआ था, और उसने पत्नि से मंगसूत्र छीनकर उससे विधवा होने की बात कही थी। मिली जानकार के अनुसार बैरागढ़ सीटीओ इलाके में रहने वाला विशाल अहिरवार (24) पिता प्रताप अहिरवार इलाके में ही एक कपड़े की दुकान पर सेल्समैन का काम करता था। उसे शराब पीने का शौक था, पत्नि उसे समझाइश देते हुए शराब पीने से मना करती थी, जिसके कारण उनके बीच आये दिन विवाद होता रहता था। शनिवार देर रात भी विशाल शराब के नशे में घर पहुंचा। पत्नी ने उसे फिर से समझाने का प्रयास किया जिसपर दोनों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान विशाल की की मां ने भी बेटे को फटकार लगाते हुए शराब छोड़ने को कहा। परिवार वालो का कहना है कि इससे गुस्साये विशाल ने पत्नी का मंगलसूत्र छीन लिया और उसे फटकार लगाते हुए कहा कि आज तो विधवा होगी इसके बाद उसने पत्नी को बेडरूम से बाहर निकाला और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। दरवाजा बंद करने के बाद उसने पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बाद में पत्नी और मां ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाकर उसे फंदे से उतारा लेकिन तब तक विशाल की मौत हो चुकी थी। इसके बाद मिली सूचना पर पहुचीं पुलिस ने घटनास्थल की जॉच के बाद मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिये भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। शुरुआती जॉच में मौके से कोई सुसाइड या अन्य सुराग नहीं मिलने से फिलहाल खुदकुशी का सही कारण साफ नहीं हो सका है, जिसकी छानबीन की जा रही है। जुनेद / 22 फरवरी