भोपाल(ईएमएस)। मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी भोपाल में मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगु भाई पटेल के द्वारा प्रशिक्षु डीएसपी कैडेट्स और नव आरक्षक कैडेट्स के साथ मन की बात कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुना गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश पुलिस अकादमी के निदेशक विशेष पुलिस महानिदेशक रवि कुमार गुप्ता, उपनिदेशक डा. संजय कुमार अग्रवाल एवं अकादमी के सभी अधिकारी उपस्थित रहे। उपनिदेशक संजय अग्रवाल के द्वारा संस्थान में चलने वाले विभिन्न प्रशिक्षणों सहित संस्थान की अन्य जानकारी दी गई। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय के द्वारा बताया गया कि जनता से सीधा संवाद करने वाले विभागों में पुलिस एक महत्वपूर्ण विभाग है, अतः प्रत्येक पुलिसकर्मी को मन की बात में प्रधानमंत्री के द्वारा बताई गई प्रेरणादायक बातों को ध्यान में रखते हुए अपनी कार्यशाली को उच्च स्तर का बनाना चाहिए। राष्ट्र के विभिन्न कोनों में होने वाले छोटे-छोटे बदलावों को मन की बात में प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा बताया जाता है, छोटी-छोटी बातें आम नागरिक के जीवन को उत्कृष्ट करते हुए वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। पुलिस बल में अनुशासन और जनता के प्रति सहानुभूति दोनों ही महत्वपूर्ण है तथा पुलिस को हर नागरिक के लिए धरातल पर जाकर कार्यवाही करनी चाहिए। प्रत्येक अवसर पर घटना का गहराई में जाकर परीक्षण करना पुलिस कर्मी की जिम्मेदारी है तथा कर्म का न्याय सदैव लागू होता है। वर्तमान समय में वर्दी सत्ता का नहीं बल्कि सहानुभूति का प्रतीक है यह सेवा संकल्प है हर भारतीय नागरिक को स्वच्छता जल संरक्षण, डिजिटल साक्षरता इन सभी पर कार्य करते हुए अपनी भागीदारी देश के विकास में देनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान नव आरक्षक कैडेट अवसी दलाल, उप पुलिस अधीक्षक कैडेट पूजा लक्ष्यकर एवं विनय कुमार के द्वारा प्रशिक्षण गतिविधियों एवं प्रशिक्षण में अपने अनुभवों के बारे में राज्यपाल महोदय को अवगत कराया। कार्यक्रम में मंच का संचालन सहायक निदेशक ज्योति उमठ के द्वारा किया गया एवं समाप्ति पर पुलिस अधीक्षक पीटीएस यास्मीन जहरा ने आभार व्यक्त किया। जुनेद / 22 फरवरी