क्षेत्रीय
22-Feb-2026
...


- 621 लोकेशन पर दाम बढ़ाने का प्रस्ताव भोपाल (ईएमएस)। अगर आप राजधानी में घर खरीदना चाहते हैं तो ये खबर आपके लिए है। दरअसल अब भोपाल शहर में प्रॉपर्टी के दाम बढऩे वाले हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गाइडलाइन प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। जिसको लेकर जिला मजिस्ट्रेट में मूल्यांकन समिति की एक बैठक आयोजित की गई है। जिसमें पंजीयन अधिकारियों ने नई कलेक्टर गाइडलाइन का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए समिति के सदस्यों और अधिकारियों ने अपने-अपने सुझाव रखें। इस बार अधिकारियों ने 11 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव तैयार किया है। इस प्रस्ताव के तहत एयरोसिटी, कोहेफिजा, करोंद, लांबाखेड़ा, नवीबाग, मेट्रो रेल लाइन, नए औद्योगिक क्षेत्र, नए राजमार्ग के आसपास सहित करीब 621 लोकेशन पर प्रॉपर्टी के रेट में इजाफा होगा। अगर इस प्रस्ताव को लागू कर दिया गया तो कोलार, अयोध्या बाईपास समेत कई प्राइम लोकेशन पर प्रोपर्टी की कीमतें आसमान छू जाएंगी। गौरतलब है कि जिला मूल्यांकन समिति की तरफ से बीते 11 महीने में दूसरी बार गाइडलाइन बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इस प्रस्ताव के लागू होने से रजिस्ट्रेशन और स्टाम्प ड्यूटी का खर्च सीधे तौर पर बढ़ जाएगा। दूसरी तरफ प्रशासन की कार्य प्रणाली पर सवाल उठना भी शुरू हो गया है, क्योंकि बीते 11 महीनों में दूसरी बार गाइडलाइन बढ़ाने की तैयारी की जा रही हैं। विनोद / 22 फरवरी 26