क्षेत्रीय
22-Feb-2026
...


- उच्च शिक्षा विभाग में रिक्त पद भरे जायेंगे : परमार जबलपुर, (ईएमएस)। शहर के प्रतिष्ठित मोहनलाल हरगोविंददास गृहविज्ञान एवं विज्ञान महिला महाविद्यालय होमसाइंस कालेज में उल्लास अलंकरण एवं पुरस्कार समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री इन्दर सिंह परमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु राजेश कुमार वर्मा ने की। इस अवसर पर विधायक अजय विश्नोई, डॉ. अभिलाष पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर आसीन रहे। समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और वंदेमातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभागीय पत्रिका नर्मदा तत्वम्Óका विमोचन किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री श्री परमार ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति महत्ता व भारत की ज्ञान परम्परा के संबंध में प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत का ज्ञान दर्शन ही वह आधार था, जिसके कारण भारत विश्व का केंद्र और विश्व गुरुÓकहलाता था। उन्होंने इतिहास की भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि वास्को-डी-गामा ने भारत की खोज नहीं की, बल्कि भारत का समुद्री व्यापार और श्रेष्ठ जहाज पहले से ही पूरी दुनिया में विख्यात थे। मंत्री श्री परमार ने कहा कि मध्यप्रदेश में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में रिक्त पदों को भरने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस साल 2000 से अधिक असिस्टेंट प्रोफेसर, खेल शिक्षक और लाइब्रेरियन की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे छात्रों के भविष्य के लिए स्वयं को समर्पित करें ताकि भारत 2047 तक विकसित भारतÓऔर दुनिया की नंबर एक अर्थव्यवस्था बन सके। उन्होंने छात्राओं से कहा कि गौरवशाली इतिहास और विरासत को लेते हुए सामर्थ के साथ काम करें और भारत को दुनिया का नंबर 1 देश बनाने में सहयोगी हों। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षकों से भी कहा कि वे राष्ट्र कल्याण में अपनी अहम भूमिका का निर्वाहन करें। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि समस्या का समाधान करने वाले बने और आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में आगे बढ़े। कार्यक्रम के दौरान विधायक अजय विश्नोई व डॉ. अभिलाष पांडे ने भी प्रेरणास्पद विचार दिये। समारोह के मुख्य आकर्षण का केंद्र पुरस्कार वितरण रहा, जहाँ विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें समाज की समस्याओं का समाधान बनने की प्रेरणा दी। सुनील साहू / शहबाज/ 22 फरवरी 2026