क्षेत्रीय
22-Feb-2026
...


- एक तरफ परीक्षा जारी, दूसरी तरफ मूल्यांकन शुरु (22पीआर03जीडब्ल्यू) जबलपुर, (ईएमएस)। माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ कक्षा 12वीं के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य की शुरुआत रविवार 22 फरवरी से शुरु हो गई । इसी तारतम्य में शुक्रवार को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जबलपुर में 184 मूल्यांकनकर्ताओं का व्यापक प्रशिक्षण आयोजित किया गया। डीईओ (जिला शिक्षा अधिकारी) घनश्याम सोनी ने प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि मूल्यांकन कार्य अत्यंत जिम्मेदारी पूर्ण है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में कक्षा 12वीं के अंग्रेजी, भौतिक शास्त्र, अर्थशास्त्र एवं विज्ञान के तत्व विषयों का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष मूल्यांकनकर्ताओं की उपस्थिति मंडल के अधिकृत मोबाइल ऐप के माध्यम से दर्ज की जाएगी तथा प्रत्येक मूल्यांकनकर्ता को न्यूनतम 45 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी मूल्यांकनकर्ता निर्धारित समय-सीमा का पालन करते हुए निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें तथा मूल्यांकन के साथ-साथ अंकों की ऑनलाइन फीडिंग तत्काल सुनिश्चित करें। डीईओ ने यह भी स्पष्ट किया कि मंडल द्वारा त्रुटिपूर्ण मूल्यांकन पर दंडात्मक प्रावधान निर्धारित किए गए हैं। विभिन्न परिस्थितियों में 100 प्रति अंक, 1000 प्रति प्रकरण तक आर्थिक दंड तथा आवश्यकतानुसार विभागीय जांच की कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान मूल्यांकन केंद्र के प्रेक्षक राममोहन तिवारी ने मूल्यांकनकर्ताओं से पूर्ण निष्ठा एवं विवेक के साथ कार्य करने का आह्वान किया तथा मूल्यांकन कक्ष में मोबाइल उपयोग पूर्णत: प्रतिबंधित रहने की जानकारी दी। परीक्षा प्रभारी एवं सहायक संचालक श्री राजकुमार बधान ने मूल्यांकन ऐप की कार्यप्रणाली समझाई तथा तकनीकी बिंदुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया। मूल्यांकन केंद्र अधिकारी एवं प्राचार्य श्रीमती रुक्मणी कनोजिया ने बताया कि प्रथम चरण में लगभग 100 मूल्यांकनकर्ता कार्य करेंगे तथा मूल्यांकन का समय प्रतिदिन प्रात: 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में एम.एल.बी. स्कूल की प्राचार्य श्रीमती प्रभा मिश्रा, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, विभिन्न मास्टर ट्रेनर्स एवं जिले के सभी विकासखंडों से आए मूल्यांकनकर्ता उपस्थित रहे। सुनील साहू / शहबाज/ 22 फरवरी 2026