22-Feb-2026
...


- बिजनेस में कामयाबी पाने और आधुनिक टेक्नोलॉजी प्रयोग करने पर रहा फोकस भोपाल(ईएमएस)। दाऊदी बोहरा समाज की पहचान तिजारत-उल-राबेहा व्यापार विकास और उत्थान के लिए जानी जाती है। इसी कड़ी में भोपाल स्थित दाऊदी बोहरा समुदाय की इकाई द्वारा रामजन के पवित्र महीने में रविवार दोपहर 2 बजे जोहर की नमाज के बाद इंजीनियर मोहल्ला मरकज़, कोहेफ़िज़ा, भोपाल में एक विशेष मार्गदर्शन-आधारित व्यापार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता जनाब मुफद्दल भाई साहब ज़कवी ने की। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रुप में सीए अंशुल जैन, सीए मयंक अग्रवाल शामिल थे। इस संगोष्ठी में वर्तमान दौर में बिजनेस में सफलता पाने के साथ ही महिलाओ को आत्मनिर्भर बनाने के लिये सरकारी प्रोत्साहन और सब्सिडी, महिला उद्यमिता के लिए व्यापार के अवसर और व्यापार वृद्धि और विविधीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयो को शामिल किया गया था। वहीं कार्यक्रम में युवा कारोबारियो और अपना बिजनेस शुरु करने वाले समाज के युवाओ के लिये सामान्य व्यापार संबंधी सहित एक विशेष प्रश्नोत्तर सत्र सेमिनार का भी आयोजन किया गया। मीडिया इंचार्ज इब्राहिम अली दाउदी ने कार्यक्रम के सबंध मे अधिक जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य समाज के युवाओं, उद्यमियों और स्टार्टअप्स को आधुनिक व्यापारिक तकनीकों, डिजिटल मार्केटिंग और भविष्य के निवेश अवसरों के प्रति जागरूक करना था। ​सेमीनार में देश में बदलते वैश्विक परिदृश्य में व्यापार को बढ़ाने के व्यावहारिक सुझाव साझा किए गए। वहीं सेमिनार में विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया गया कि कैसे छोटे और मध्यम व्यवसायी एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म यानि डिजिटील तकनीक का उपयोग करके अपने व्यापार को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं। वहीं इस आयोजन ने भोपाल के स्थानीय बोहरा व्यापारियों को ​नेटवर्किंग का प्रयोग कर एक बेहतर मंच प्रदान किया, जहाँ उन्होंने एक-दूसरे के अनुभवों से सीखा और नए व्यापारिक संबंधों की नींव रखी। इब्राहिम अली दाउदी ने आगे बताया कि, हमारे धर्मगुरु सैयदना साहब के मार्गदर्शन में समाज हमेशा से व्यापार और ईमानदारी के लिए जाना जाता है। इस सेमिनार का उद्देश्य हमारी नई पीढ़ी को केवल व्यापारी नहीं, बल्कि इनोवेटर बनाना है, ताकि वे देश की अर्थव्यवस्था में और अधिक योगदान दे सकें। ​कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा प्रतिभावान युवा उद्यमियों को सम्मानित भी किया गया। सेमिनार में भोपाल के 100 व्यपारियों से अधिक ने हिस्सा लिया। जुनेद / 22 फरवरी