नई दिल्ली (ईएमएस)। द्वारका साउथ पुलिस ने एक नाबालिग सरगना सहित तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने कुछ ही घंटों में लूट और झपटमारी की कई वारदातों को अंजाम दिया था। द्वारका साउथ थाना पुलिस ने एक ऐसे गिरोह के तीन सदस्यों को पकड़ा है, जिसका सरगना नाबालिग है। गिरफ्तार आरोपितों में गिरोह का नाबालिग सरगना भी शामिल है। गिरोह ने कुछ घंटों के भीतर लूट और झपटमारी की कई वारदातों को अंजाम देकर इलाके में सनसनी फैला दी थी। इंस्पेक्टर रमेश चंद की देखरेख में गठित टीम, जिसमें हेड कॉन्स्टेबल प्रवीण यादव भी थे, ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों को सेक्टर-8 द्वारका से उस वक्त दबोचा, जब वे किसी नई वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित कुमार सिंह के अनुसार आरोपित सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ अपनी फोटो डालकर अपना दबदबा बनाना चाहता था। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें (अपाचे और स्प्लेंडर) बरामद की हैं। 29 और 30 जनवरी की मध्य रात इस गिरोह ने द्वारका सेक्टर-8 में एक डिलीवरी ब्वाय को हथियार दिखाकर उसका मोबाइल लूट लिया था। जांच के दौरान पता चला कि इसी रात गिरोह ने एक टैक्सी चालक की बेरहमी से पिटाई कर उसका मोबाइल छीना और फिर लगातार चार और लोगों से मोबाइल लूटे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/22/फरवरी/2026