खेल
22-Feb-2026
...


:: नेहरू स्टेडियम में सिम्बायोटेक ट्रॉफी का रोमांच; न्यायाधीश सुबोध अभ्यंकर ने खिलाड़ियों से किया परिचय :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन द्वारा आयोजित 9वीं सिम्बायोटेक ट्रॉफी इंदौर जिला मास्टर्स (वेटरन्स) बैडमिंटन स्पर्धा अपने चरम पर पहुँच गई है। नेहरू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में जारी इस स्पर्धा में शेखर तिवारी, मनीष त्रिवेदी, अंकित मोहता, सत्येन्द्र होल्कर, नितिन लश्करी और प्रतीक गुजराती ने शानदार खेल दिखाते हुए तीन-तीन अलग-अलग वर्गों के फाइनल में प्रवेश कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। स्पर्धा के दौरान मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सुबोध अभ्यंकर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संगठन के सचिव आर.पी. सिंह नैयर, सह-सचिव धर्मेश यशलहा और कोषाध्यक्ष विशाल चांदवानी ने अतिथियों का स्वागत किया। :: पुरुष वर्ग : एकल मुकाबलों में कड़ा संघर्ष :: 40+ पुरुष एकल सेमीफाइनल में सत्येन्द्र होल्कर ने गौतम चौधरी को 21-13, 21-12 से और अंकित मोहता ने मनीष जायसवाल को 21-7, 21-15 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। 45+ वर्ग में नितिन लश्करी और हरिओम राठौर फाइनल में भिड़ेंगे। वहीं, 55+ वर्ग में शेखर तिवारी का सामना अमर चंदनानी से होगा। 60+ वर्ग के फाइनल में रितेश चंदानी और राकेश सोनी के बीच खिताबी जंग होगी। 35+ वर्ग में प्रतीक गुजराती और विपुल बिंदल फाइनल में पहुँचे हैं। :: महिला एवं मिश्रित युगल के नतीजे :: महिला एकल 35+ वर्ग के फाइनल में रिशु राय और प्राची चौबे के बीच मुकाबला होगा। रिशु ने सेमीफाइनल में निधि अग्रवाल को एकतरफा मुकाबले में 21-3, 21-6 से मात दी। 50+ महिला एकल में जयश्री यादव और दीपा व्यास खिताबी भिड़ंत करेंगी। मिश्रित युगल 45+ वर्ग में नितिन लश्करी-दीपा व्यास की जोड़ी का मुकाबला विशाल चांदवानी-प्राची चौबे से होगा। वहीं, 35+ महिला युगल में मोनिका गर्ग-रुचि श्रीवास्तव और नादिया मुजुमदार-रिशु राय की जोड़ियाँ फाइनल में आमने-सामने होंगी। :: अनुभवी खिलाड़ियों का दमखम :: वरिष्ठ वर्गों में भी खिलाड़ियों का जोश देखते ही बन रहा है। 65+ पुरुष युगल में अजय मोहता-एम.डी. यादव और किरण देशमुख-आर.पी. सिंह नैयर की जोड़ी खिताबी मुकाबले में होगी। 70+ वर्ग में अनिल बारगल और शशिकांत तायडे फाइनल में पहुँचे हैं, जबकि 75+ वर्ग में मोहनलाल बर्फा और आर.एस. गोयल के बीच मुकाबला होगा। 60+ पुरुष युगल में कमल नवलानी-विनय रामचंदानी और किरण देशमुख-विक्रम गुप्ते की जोड़ी ने फाइनल में प्रवेश पाया। प्रकाश/22 फरवरी 2026