मंदिर, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म से बनेगा नया मप्र - उज्जैन मॉडल पर विकसित होंगे प्रमुख धार्मिक स्थल इंदौर/भोपाल(ईएमएस)।इंदौर जिले के महूगांव में आयोजित विकास कार्यों के भूमिपूजन व लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने महूगांव नगर परिषद को नगर पालिका बनाने के साथ ही 100 बेड का नया अस्पताल बनाने की घोषणा की है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार नई टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और इंडस्ट्री को बढ़ावा दे रही हैं। बजट के माध्यम से हर सेक्टर में विकास को गति दी गई है। आने वाले समय में मध्यप्रदेश देवस्थानों और पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभरेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान कई क्षेत्रों में है। सरकार यह प्रयास कर रही है कि मंदिर प्रबंधन को अर्थव्यवस्था से जोडक़र रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 13 नए लोक विकसित किए जा रहे हैं और एआई से लेकर डिजिटल तकनीक तक हर क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। आने वाले समय में प्रदेश हेल्थ टूरिज्म का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री ने इंदौर एयरपोर्ट पर स्वामी यतींद्र गिरी जी महाराज ने सौजन्य भेंट की। कांग्रेस ने महिलाओं के प्रति कभी सम्मान का भाव नहीं रखा इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के प्रति कभी सम्मान का भाव नहीं रखा। हमने लाड़ली बहना योजना शुरू की तो कांग्रेसी बोले कि बहनों को पैसा मत दो, महिलाएं शराब पी जाती हैं। इस अपमान का बदला महिलाएं चुनाव में कांग्रेस से लेंगी। कांग्रेस ने 55 साल तक राज किया, लेकिन उनके शासनकाल में सरकारी स्कूलों में टाटपट्टी तक नहीं मिलती थी, लेकिन हमने सांदीपनी स्कूल गांवों में खोले हैं। आधुनिक शिक्षा सुविधा के साथ मिल रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विकास की सोच के साथ आगे बढ़ रही है। महिला वर्ग, किसान, युवा वर्ग के उत्थान के लिए योजनाएं जमीन पर लाई जा रही हैं। महू से खंडवा की रेल लाइन का काम भी जल्दी शुरू होगा। रोजगार सृजन की धुरी बनेंगे देवस्थान मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर सदैव आस्था और श्रद्धा के केंद्र रहे हैं, लेकिन उनसे जुड़े वित्तीय और प्रबंधन पक्ष भी रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा के बाद देश में सबसे बड़ा धार्मिक पर्यटन केंद्र उज्जैन के रूप में उभरा है। इसी तर्ज पर ओंकारेश्वर, मय्यर की माताजी, राजाराम लोक, ओरछा और सलकनपुर जैसे धार्मिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर टेंपल मैनेजमेंट के लिए अकादमिक पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है। इसके तहत मंदिरों की वित्तीय व्यवस्था, प्रशासन, सुरक्षा, धार्मिक अनुष्ठान, कला और ललित कला को प्रोत्साहन दिया जाएगा। मूर्ति शिल्प को भी प्रदेश में ही बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर बनेंगे। महाकाल की फाइबर प्रतिमा को हटाकर स्टोन और मेटल की प्रतिमाएं स्थापित करने का निर्णय भी इसी दिशा में उठाया गया कदम है, जिससे कारीगरों और शिल्पकारों को काम मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रम विश्वविद्यालय के माध्यम से टेंपल मैनेजमेंट कोर्स, डिप्लोमा और पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन कोर्सों में सैद्धांतिक के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि मंदिर प्रबंधन को पेशेवर और रोजगारपरक बनाया जा सके। कार्यक्रम में विधायक उषा ठाकुर ने कहा कि महूगांव में 18 करोड़ की पेयजल लाइन मंजूर की है। अब गांव में भी नर्मदा का पानी मिलेगा। आने वाले 25 साल के लिए अब पानी की चिंता नहीं रहेगी। केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धार संसदीय क्षेत्र में उद्योगों की सौगात दी है। पीएम मित्र पार्क बनाकर रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। विकास की कई योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। मुख्यमंत्री ने अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। इसके बाद वे इंदौर के लिए रवाना हुए और पथराव में घायल भाजपा नेत्री बिंदू चौहान से मिलने अस्पताल पहुंचे। विनोद कुमार उपाध्याय, 22 फरवरी, 2026