राष्ट्रीय
23-Feb-2026
...


-शास्त्री नगर स्थित घर पर सुबह स्थानीय पुलिस भी पहुंची, दस्तावेजों की जांच जारी पटना,(ईएमएस)। राजधानी पटना के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब आंध्र प्रदेश पुलिस की एक टीम ने आईपीएस अधिकारी एम. सुनील नायक के आवास पर छापेमारी की। सुबह-सुबह पहुंची टीम ने घर के भीतर प्रवेश कर जांच शुरू की। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई आंध्र प्रदेश पुलिस की पूर्व से ही चल रही किसी जांच से संबंधित बताई जा रही है। हालांकि, छापेमारी के कारणों को लेकर अब तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। आवास के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जबकि अंदर पुलिस पदाधिकारी दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच में जुटे हैं। बताया जाता है कि जांच टीम कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, अब तक किसी गिरफ्तारी या आपत्तिजनक सामग्री बरामद होने की पुष्टि नहीं की गई है। एम. सुनील नायक वर्ष 2005 बैच के बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वे बिहार के अग्निशमन विभाग में पदस्थ हैं। उनके आवास पर दूसरे राज्य की पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों के बीच भी छापेमारी को लेकर उत्सुकता बनी है। हिदायत/ईएमएस 23फरवरी26