गुना (ईएमएस)। रेलवे में यात्रा के दौरान सुरक्षा दावों के बीच शातिर बदमाशों ने एक महिला यात्री को अपना निशाना बनाया है। जीआरपी थाना गुना के अंतर्गत गुना-बीना मेमो ट्रेन में सफर कर रही एक महिला के कंधे पर टंगे पर्स से अज्ञात बदमाश सोने के कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, साढौरा निवासी सीता साहू पति जितेंद्र साहू गत दिवस रुठियाई-बीना मेमो टे्रन के जनरल कोच में गुना से साढौरा की यात्रा कर रही थीं। महिला ने अपने आसमानी रंग के लेडीज पर्स में एक छोटा बटुआ रखा था, जिसमें करीब 18 ग्राम का सोने का हार, 2 ग्राम का पैंडल और 4 ग्राम की सोने की बेंदी रखी हुई थी। ट्रेन चलने के महज 15 मिनट बाद ही महिला ने देखा कि उसके कंधे पर टंगे पर्स की चैन खुली हुई है और अंदर से गहनों वाला बटुआ गायब है। चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत लगभग 43,200 रुपये बताई जा रही है। पीडि़ता ने अगले दिन अपने पति के साथ जीआरपी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी पुलिस ने अज्ञात बदमाश के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - सीताराम नाटानी