- निशान यात्रा सुबह 10 बजे निकलेगी बिलासपुर (ईएमएस)। शहर में 26वां श्री खाटू श्याम फाल्गुन उत्सव इस वर्ष भव्यता के साथ मनाया जाएगा। उत्सव की शुरुआत 25 फरवरी को सुबह 10 बजे निशान यात्रा से होगी। यात्रा मध्यनगरी चौक स्थित राधाकृष्ण मंदिर से प्रारंभ होकर सदर बाजार, गोल बाजार, तेलीपारा, पुराना बस स्टैंड, अग्रसेन चौक होते हुए पंचमुखी हनुमान मंदिर मसानगंज में समापन होगी। आयोजन समिति के रोशनी अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष बाबा का विशेष शृंगार कोलकाता और दिल्ली से ड्रायफ्रूट्स मंगाए गए है जिससे शृंगार किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों की सजावट से सजाया जाएगा। 26 फरवरी को श्याम पाठ, 27 को भजन संध्या 26 फरवरी को दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे तक पंचमुखी हनुमान मंदिर मसानगंज में श्याम पाठ का आयोजन होगा। विभिन्न समूहों द्वारा भजन एवं श्याम पाठ की प्रस्तुति दी जाएगी। 27 फरवरी को रात्रि 8 बजे से भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें नई दिल्ली की भजन गायिका पूनम शर्मा, कटिहार बिहार के प्रवीण चौधरी, रायपुर की अंजनी अग्रवाल एवं बिलासपुर के रोहित भजनों की प्रस्तुति देंगे। भजन संध्या के समापन पर श्याम बाबा की आरती एवं 56 भोग का प्रसाद चढ़ाया जाएगा। 28 फरवरी को समापनी प्रसाद चढ़ावा 28 फरवरी को सुबह 10 बजे मसानगंज मंदिर परिसर में समापनी प्रसाद चढ़ावा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालुगण भोग प्रसाद अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।उत्सव को सफल बनाने में रोशनी अग्रवाल, सावित्री जाजोदिया, मीना अग्रवाल, राकेश प्रजापति, अनिल लच्छूका, शारदा सिंघल,शरद अग्रवाल, संतोष वर्मा सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। मनोज राज 23 फरवरी 2026