राज्य
23-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। नमो भारत ट्रेन का दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पूरा होने के बाद एनसीआर के अन्य शहरों में इसके विस्तार की तैयारी है। रोजगार के प्रमुख हब बन चुके दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद से आसपास के अन्य शहरों को जोड़ने के लिए कॉरिडोर बनाए जाएंगे। नमो भारत ट्रेन का दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पूरा होने के बाद एनसीआर के अन्य शहरों में इसके विस्तार की तैयारी है। रोजगार के प्रमुख हब बन चुके दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद से आसपास के अन्य शहरों को जोड़ने के लिए कॉरिडोर बनाए जाएंगे। दूसरे और तीसरे चरण के लिए एनसीआरटीसी ने दो कॉरिडोर दिल्ली-गुरुग्राम-बावल और दिल्ली-पानीपत-करनाल की डीपीआर तैयार कर ली है। अब केंद्र सरकार से इन कॉरिडोर को स्वीकृति मिलना बाकी है। सरकार की स्वीकृति मिलने के बाद दोनों परियोजनाओं पर काम शुरू हो जाएगा। सार्वजनिक निवेश बोर्ड (पीआईबी) से नमो भारत रैपिड रेल प्रोजेक्ट के तहत इन दो नए कॉरिडोर को मंजूरी मिल चुकी है। इन दोनों परियोजनाओं पर लगभग 65000 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। इससे दिल्ली और आसपास के शहरों के बीच यात्रा काफी तेज और आसान हो जाएगी। नमो भारत के इन प्रस्तावित कॉरिडोर के बनने से दिल्ली-एनसीआर का सफर पूरी तरह बदल जाएगा। दिल्ली और आसपास के शहरों में हाईवे और सड़कों पर वाहनों की संख्या कम करने में सरकार को सफलता मिल सकती है। अनुमान है कि इन दोनों कॉरिडोर के बन जाने पर दिल्ली में बाहरी राज्यों से आने वाले करीब दो लाख वाहन कम हो जाएंगे। वहीं, हरियाणा में उद्योग और व्यापार को फायदा मिलेगा। सरकार ने गाजियाबाद से नमो भारत ट्रेन के लिए एक कॉरिडोर जेवर एयरपोर्ट तक बनाने का फैसला किया है। यह कॉरिडोर गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली व आसपास के लोगों को सीधे एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी देगा। इस पर उत्तर प्रदेश सरकार भी सहमति दे चुकी है और इसकी डीपीआर तैयार कर ली गई है। करीब 72 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 22 स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें से 11 स्टेशनों को नमो भारत और 11 को मेट्रो स्टेशनों के रूप में संचालित किए जाने की योजना है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/23/फरवरी/2026