राज्य
23-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के भाठागांव (नहर रोड) स्थित उर्मिला मेमोरियल हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल होकर परिजनों का समर्थन कर रहे हैं। मृतक की पहचान राम चरण वर्मा के रूप में हुई है। उनके बेटे राजकुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि पेट दर्द की मामूली शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचे उनके पिता पर तीन बार ऑपरेशन किया गया। पहले ऑपरेशन के बाद लीकेज की बात कही गई, फिर दोबारा ऑपरेशन हुआ लेकिन हालत नहीं सुधरी। अंत में गले का भी ऑपरेशन किया गया, जिसके बाद मरीज की मौत हो गई। राजकुमार ने इसे हत्या करार देते हुए कहा कि इलाज के नाम पर अस्पताल में गोरखधंधा चल रहा है। परिजनों के अनुसार आयुष्मान कार्ड से 2.71 लाख रुपये की राशि ली गई। मेडिकल स्टोर से दवाइयों के नाम पर 15 लाख रुपये से अधिक का बिल बनाया गया, जिसमें से 10 लाख रुपये का भुगतान हो चुका है। टेस्ट, ब्लड और अन्य जांचों के नाम पर अलग से 3 लाख रुपये का बिल दिया गया। ऑपरेशन के नाम पर 5 लाख रुपये से अधिक नगद वसूले गए और अब और 5 लाख रुपये मांगे जा रहे हैं। कुल मिलाकर इलाज पर 25 लाख रुपये से अधिक खर्च होने का दावा किया जा रहा है, जबकि आयुष्मान योजना में मुफ्त इलाज का प्रावधान है। राजकुमार वर्मा ने कहा मेरे पिताजी की मौत नहीं, हत्या हुई है। मैंने पहले भी सरकार से गुहार लगाई थी कि गलत इलाज हो रहा है, लेकिन सिर्फ जांच की बात हुई। अब तत्काल कार्रवाई और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और परिजन न्याय के लिए अड़े हुए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन कुछ रिपोर्ट्स में प्रबंधन पर मरीजों से अवैध वसूली और दबाव बनाने के आरोप लग रहे हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)23 फरवरी 2026