मनोरंजन
24-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। सोशल मीडिया को लेकर विशेषज्ञों के साथ अब फिल्म जगत के सितारे भी इसके नकारात्मक प्रभावों को लेकर अपनी चिंता जता रहे हैं। डिजिटल युग में सोशल मीडिया और एआई का तेज़ी से बढ़ता प्रभाव बच्चों पर गहरा असर डाल रहा है। अभिनेता कुणाल कपूर ने बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग को सीमित करने के सरकार के प्रस्ताव का खुलकर समर्थन किया। उनका कहना है कि सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, पढ़ाई और व्यक्तित्व विकास को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है, इसलिए इस पर नियंत्रण जरूरी है। कुणाल कपूर ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक खबर साझा की, जिसमें बताया गया था कि भारत सरकार 140 करोड़ की आबादी वाले देश में 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया एक्सेस को सीमित या बंद करने पर विचार कर रही है। इस खबर पर प्रतिक्रिया देते हुए कुणाल ने लिखा कि यह कदम ‘एंटी-टेक्नोलॉजी’ नहीं है, बल्कि बच्चों को उन हानिकारक एल्गोरिदम से बचाने का प्रयास है, जो जानबूझकर उन्हें लंबे समय तक स्क्रीन से चिपकाए रखने के लिए डिजाइन किए गए हैं। उनके मुताबिक, यह बदलाव बच्चों की एकाग्रता, नींद और भावनात्मक संतुलन को बचाने के लिए आवश्यक है। अभिनेता ने यह भी कहा कि ऐसे कदम से भारत को अपने घरेलू सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म विकसित करने का अवसर मिलेगा, जो केवल एंगेजमेंट बढ़ाने के बजाय बच्चों और युवाओं की ग्रोथ और सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने इस पहल को भविष्योन्मुखी बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे आने वाली पीढ़ियां डिजिटल लत से बच सकेंगी। केंद्र सरकार इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (इंटरमीडियरी गाइडलाइंस और डिजिटल मीडिया एथिक्स कोड) रूल्स, 2021 में संशोधन कर 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया एक्सेस को रोकने पर विचार कर रही है। यह चर्चा तब तेज हुई जब ऑस्ट्रेलिया सरकार ने नाबालिगों के लिए सोशल मीडिया पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की। इसके बाद भारत में भी कई बड़ी हस्तियों ने इसका स्वागत किया। सोनाक्षी सिन्हा, सोनू सूद और शिल्पा शेट्टी सहित कई सेलेब्रिटी इस कदम की सराहना कर चुके हैं। सुदामा/ईएमएस 24 फरवरी 2026