मनोरंजन
24-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। तमिल फिल्म इंडस्ट्री के दो महान सितारे रजनीकांत और कमल हासन लंबे इंतजार के बाद एक साथ बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। दोनों सितारों की अपकमिंग फिल्म केएचएक्सआरके का प्रोमो रिलीज हो चुका है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इस प्रोमो को देखकर दर्शक कह रहे हैं कि इन दोनों का स्वैग देखकर बॉलीवुड के शाहरुख-सलमान की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री भी फीकी पड़ जाएगी। इस मेगा प्रोजेक्ट का निर्देशन कर रहे हैं फेमस फिल्ममेकर नेल्सन दिलीप कुमार, जबकि म्यूजिक कंपोजिंग का जिम्मा अनिरुद्ध ने संभाला है। करीब साढ़े तीन मिनट के इस दमदार प्रोमो की शुरुआत नेल्सन दिलीप कुमार की एंट्री से होती है। थोड़ी ही देर में अनिरुद्ध भी फ्रेम में दिखते हैं। इसके बाद कैमरा शिफ्ट होता है एक होटल रूम की ओर, जहां कमल हासन कपड़ों का चयन करते नजर आते हैं। अगले ही कट में रजनीकांत जूतों का चुनाव करते दिखते हैं। दिलचस्प बात यह है कि दोनों वही चीज नहीं चुनते, जिसे दूसरा पहले से सेलेक्ट कर चुका है। इस क्रिएटिव एडिटिंग और 70-80 के दशक का एहसास दिलाने वाले बैकग्राउंड म्यूजिक से प्रोमो का माहौल और भी आकर्षक बन जाता है। फिर आता है वह सीन जिसने फैंस को सबसे ज्यादा रोमांचित किया दोनों सुपरस्टार अपने-अपने रूम से बाहर निकलते हैं और आमने-सामने खड़े हो जाते हैं। उनका लुक, स्टाइल, स्वैग और इंटेंस बैकग्राउंड स्कोर मिलकर ऐसा विजुअल मोमेंट क्रिएट करता है, जिसे देखकर दर्शक बस एक ही बात कहते नजर आते हैं “उफ्फ्फ, क्या सीन है!” इसके बाद दोनों सितारे कार में बैठते हैं, जबकि पीछे की सीट पर नेल्सन दिलीप कुमार और अनिरुद्ध दिखाई देते हैं। यहां चारों के बीच मज़ाकिया अंदाज़ में चर्चा चलती है कि आखिर फिल्म का हीरो कौन होगा। यह हल्का-फुल्का लेकिन यादगार पल प्रोमो को और खास बना देता है। इसे देखकर फैंस ने कमेंट सेक्शन में रिलीज डेट पूछना शुरू कर दिया है और इस ऐतिहासिक जोड़ी को देखने की उत्सुकता साफ झलक रही है। करीब 47 साल बाद रजनीकांत और कमल हासन एक साथ किसी फिल्म में नजर आने वाले हैं। 70 के दशक में दोनों ने कई प्रोजेक्ट्स में साथ काम किया था। सुदामा/ईएमएस 24 फरवरी 2026