राज्य
24-Feb-2026


नई दिल्ली (ईमएस)। लुटियंस दिल्ली में तीन लाख से अधिक ट्यूलिप खिल चुके हैं। एनडीएमसी ने चेयरमैन केशव चंद्रा, उपाध्यक्ष कुलजीत चहल और नीदरलैंड की राजदूत मारिसा गेरार्ड्स के साथ ट्यूलिप प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यह ट्यूलिप उत्सव का चौथा संस्करण है, जो बसंत ऋतु का स्वागत कर रहा है। एक लाख ट्यूलिप बल्बों के गमले आम जनता के लिए बिक्री पर उपलब्ध हैं। शांति पथ पर स्मारकों के इतिहास पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि दूसरी बार एनडीएमसी ने एक लाख ट्यूलिप बल्बों के गमले आम जनता के लिए बिक्री के लिए उपलब्ध कराया है। ये गमले शांति पथ लान, लोधी गार्डन, नेहरू पार्क, तालकटोरा गार्डन, सेंट्रल पार्क तथा एनडीएमसी की नर्सरियों (सफदरजंग मदरसा, गुरुद्वारा पार्क, पुराना किला मार्ग आदि) में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में आम जनता से अत्यधिक सराहना मिलने के बाद ट्यूलिप उत्सव के चौथे संस्करण को शुरू किया है। जो कि नई दिल्ली में भव्य पुष्प सज्जा के माध्यम से बसंत ऋतु का स्वागत कर रहा है। उन्होंने बताया कि एनडीएमसी ने वर्ष 2017–18 में मौसम की उपयुक्तता का आकलन करने के लिए परीक्षण के रूप में ट्यूलिप बल्बो का रोपण प्रारंभ किया था। मात्र 17 हजार बल्ब से शुरू हुई यह पहल अब एक प्रमुख वार्षिक आयोजन बन चुका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 5,17,500 ट्यूलिप बल्ब मंगाए गए , जिनमें से 3,25,000 बल्ब एनडीएमसी के लिए तथा 1,92,500 बल्ब दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/24/फरवरी/2026