मंजर देख सभी का दिल दहला, ग्राउंड फ्लोर पर रेडीमेड कपड़ों का था गोदाम मेरठ,(ईएमएस)। यूपी के मेरठ जिले से सोमवार रात किदवईनगर इलाके में एक कपड़ा व्यापारी के तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में परिवार की एक महिला और पांच मासूम बच्चों की जलकर मौत हो गई। किदवईनगर निवासी कपड़ा व्यापारी इकबाल अंसारी का तीन मंजिला मकान है। घर के ग्राउंड फ्लोर पर रेडीमेड कपड़ों का बड़ा गोदाम है, जबकि ऊपर की मंजिलों पर परिवार रहता था। सोमवार रात करीब 9 बजे, अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग कपड़ों के गोदाम तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कपड़ों का स्टॉक होने की वजह से लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने चंद मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। ऊपर रह रहे परिवार को नीचे उतरने का मौका तक नहीं मिला और घर धुएं के गुबार में तब्दील हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन जब टीम अंदर दाखिल हुई, तो वहां का मंजर देखकर दिल भर आया। इस अग्निकांड ने इन 6 लोगों की जान ले ली। जिसमें रुखसार (30) आसिम की पत्नी, अद्दस (3), नबिया (6 माह), इनायत (6 माह) रुखसार के बच्चे, महविश (12) और हम्माद (4) फारूक के बच्चे थे। इस हादसे में दो अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलसे हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी, लेकिन वहां रखे सिलेंडर के लीक होने ने आग में घी का काम किया, जिससे धमाका और लपटें और तेज हो गईं। कपड़ा कारोबारी के घर हुए इस हादसे ने पूरे किदवईनगर को गम में डुबो दिया है। एक साथ 5 बच्चों और एक महिला की मौत ने सभी की आंखें नम कर दीं। फॉरेंसिक टीम अभी भी मौके पर मौजूद है ताकि हादसे के तकनीकी कारणों की विस्तृत जांच की जा सके। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26 ----------------------------------