क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


- स्टेट बार काउंसिल ने प्रियनाथ पाठक को अध्यक्ष और खालिद हफीज को बनाया मीडिया प्रभारी भोपाल(ईएमएस)। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराए जाने सहित वकीलों की सुरक्षा और कल्याणकारी संबंधी मांगों को लेकर स्टेट बार कौंसिल के नेतृत्व में शीघ्र ही भोपाल में एक बड़ा और व्यापक आंदोलन किया जाएगा। स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन  राधेलाल गुप्ता ने आंदोलन के संचालन के लिए भोपाल के मशहूर वकील प्रियनाथ पाठक की अध्यक्षता में एक सात सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में भोपाल से एडवोकेट खालिद हफीज को मीडिया प्रभारी और जिला बार एसोसिएशन के सहसचिव सोनल नायक को सदस्य बनाया गया है। इनके अलावा होशंगाबाद जिला बार एसोसिएशन के सचिव मनोज  जराठे और सहसचिव सुरेंद्र सिंह राजपूत, छतरपुर जिला बार एसोसिएशन के सचिव अनिल द्विवेदी व जबलपुर  से प्रशांत दुबे को समिति का सदस्य बनाया गया है। उक्त समिति भोपाल में प्रस्तावित आंदोलन के समस्त कार्यों का संचालन, समन्वय एवं व्यवस्था सुनिश्चित करेगी तथा वकीलों से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आचरण बनाए रखने की अपील करेगी। समिति को  आवश्यकतानुसार वालंटियर नियुक्त करने एवं उन्हें दायित्व सौंपने और प्रशासनिक समन्वय,सुरक्षा व्यवस्था, सभा संबंधी प्रबंधन का अधिकार रहेगा। यह समिति मध्य प्रदेश स्टेट बार कौंसिल के निर्णयों के अनुरूप आंदोलन को पूर्णत: लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में संचालित करेगी तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल आवश्यक निर्णय लेकर मध्य प्रदेश स्टेट बार कौंसिल को अवगत कराएगी। समिति आवश्यकतानुसार उप समितियों का गठन कर सकती है तथा कार्य के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक निर्देश जारी कर सकेगी। समिति के अध्यक्ष प्रियनाथ पाठक ने बताया कि समिति शीघ्र ही सांसद आलोक शर्मा और सीएम मोहन यादव से मुलाकात कर वकीलों की मांगों के निराकरण की मांग करेगी। पाठक ने कहा कि अगर स्टेट बार कौंसिल की समिति की न्यायोचित मांगों का शीघ्र निराकरण नहीं किया गया तो फिर संपूर्ण मध्यप्रदेश के डेड़ लाख वकील भोपाल में आंदोलन के लिए जुटेंगें। जुनेद / 24 फरवरी