क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


- कुछ युवक व महिलाओं ने की मारपीट - शौचालय तोड़े जाने की सूचना पर गई थी नगर पालिका की टीम शिवपुरी (ईएमएस) । शिवपुरी के देहात थाना अंतर्गत महल सराय में नगर पालिका के एक शौचालय तोड़ने की सूचना मिलने पर यहां कार्रवाई के लिए गई नगर पालिका की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया और टीम की जमकर मारपीट कर दी। नगर पालिका की अतिक्रमण हटाओ टीम यहां पर शौचालय तोड़ने वालों को रोकने के लिए गई थी। इसी दौरान महल सराय में रहने वाले आदिवासी बस्ती के कुछ लोगों ने नगर पालिका टीम के कर्मचारियों की पिटाई कर दी। यहां पर महिलाओं ने पथराव कर मारपीट की। इसमें स्थानीय कुछ युवक भी शामिल रहे। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शौचालय तोड़ने की सूचना पर गई थी टीम- महलसराय आदिवासी बस्ती में मंगलवार दोपहर नगर पालिका की टीम पर हमला हुआ। कार्रवाई के दौरान बस्ती के कुछ युवकों और महिलाओं ने टीम पर पथराव किया और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी अशोक खरे ने बताया कि महलसराय क्षेत्र में हाल ही में एक शासकीय शौचालय का निर्माण किया गया था। उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ लोग इस शौचालय को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जमकर मारपीट, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल- सूचना पर अतिक्रमण प्रभारी अपने पांच कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कुछ लोग हथौड़े से शौचालय की छत तोड़ रहे थे, जिससे छत का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। जब नगर पालिका टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया। नगर पालिका कर्मचारियों का आरोप है कि उनके विरोध करने पर बस्ती के कुछ युवक और महिलाएं आक्रोशित हो गए और टीम पर पथराव शुरू कर दिया। थाने में शिकायत दर्ज कराई- स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारी मौके से मुख्य सड़क की ओर भागे। यहां पर नगर पालिका की टीम के सदस्यों की जमकर लात-घूंसों से मारपीट की। इस हमले में कुछ कर्मचारियों को अंदरूनी चोटें आई हैं। घटना के बाद नगर पालिका का अमला देहात थाने पहुंचा और पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। रंजीत गुप्ता/24फरवरी2026