- दो बच्चो के आरोपी ने खुद को बताया था अविवाहित, अब शादी करने से किया इंकार भोपाल(ईएमएस)। बागसेनविनया पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसके प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि एक साथ काम करने के दौरान युवक ने महिला से नजदीकियां बढ़ाई। बाद में उसे प्रेम जाल में फंसाते हुए महिला की शादी तुड़वा दी और जल्द ही शादी करने का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया। करीब तीन साल तक शोषण करने के बाद आरोपी ने उसके साथ शादी करने से मना कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 38 साल की महिला फिलहाल पिपलानी इलाके में अपने बच्चे के साथ रहती है। पूर्व में उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद वह एक एनजीओ में काम करने लगी। काम करने के दौरान उसकी पहचान राजेन्द्र परमार नाम के युवक से हुई। उनके बीच की पहचान जब दोस्ती में में बदली तो राजेन्द्र ने महिला से नजदीकी बढ़ाते हुए शादी करने का झांसा दिया। इस दौरान उसने खुद को अविवाहित बताया। उनके रिश्ते के बारे में जब महिला के पति को पता चला तब उनके घर में झगड़े होने लगे। रोजाना होने वाली कलह का फायदा उठाते हुए राजेन्द्र ने महिला से कहा कि तुम अपने पति को छोड़ दो मैं तुमसे शादी कर लूंगा। राजेन्द्र की बातों पर भरोसा करते हुए महिला ने अपने पति से तलाक लेने का फैसला किया। साल 2023 में वह महिला को अपनी बहन से मिलाने के बहाने सांची ले गया और वहॉ पर उसने महिला के साथ पहली बार दुष्कर्म किया। कुछ दिनों बाद दोनों साथ में रहने लगे इस दौरान आरोपी लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। पिछले दिनों महिला को जानकारी लगी कि राजेन्द्र पहले से शादीशुदा है, तथा उसके दो बच्चे भी हैं। यह पता चलते ही दोनों के बीच विवाद होने लगे। पीड़िता ने जब उस पर शादी करने का दबाव बनाया तब आरोपी राजेन्द्र ने उसके साथ शादी करने से मना करते हुए सारे संपर्क तोड़ दिये। आखिराकर परेशान होकर महिला ने मामले की शिकायत थाने में की। पुलिस ने दुष्कर्म का प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जुनेद / 24 फरवरी